कवर्धा में फिर गूंजेगा क्रिकेट का रोमांच, जल्द होगा विजय शर्मा केपीएल सीजन-2 का भव्य आयोजन
कबीरधाम |
2026-11-17 18:18:54
विधानसभा के सातों मंडलों के गांवों और कवर्धा नगर के 27 वार्डों की टीमें लेंगी हिस्सा, ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच
कवर्धा। शहर में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंचने वाला है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के प्रयासों से पिछले वर्ष की तर्ज पर इस वर्ष भी स्वामी करपात्री जी मैदान में विजय शर्मा केपीएल (कवर्धा प्रीमियर लीग) सीजन-2 का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी। आयोजन की खबर से ही क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
विजय शर्मा केपीएल सीजन-2 में कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सभी सातों मंडलों के अंतर्गत आने वाले गांवों के साथ ही कवर्धा नगर के 27 वार्डों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, टीम भावना विकसित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित विजय शर्मा केपीएल को क्रिकेट प्रेमियों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। भव्य आयोजन, मैदान की बेहतर व्यवस्थाएं और खिलाड़ियों के उत्साह ने प्रतियोगिता को खास पहचान दिलाई थी। मुकाबलों के दौरान मैदान में क्रिकेट प्रेमियों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने आयोजन का रोमांच और बढ़ा दिया था। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष सीजन-2 के आयोजन की तैयारी की जा रही है।
सीजन-2 में भी मैदान पर चौकों-छक्कों की गूंज, रोमांचक मुकाबले और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेंगे। विधानसभा क्षेत्र के गांवों से लेकर शहर के वार्डों तक क्रिकेट का उत्साह नजर आएगा। प्रतियोगिता को लेकर युवा खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के साथ मैदान में उतरने के लिए उत्साहित हैं।
विजय शर्मा केपीएल सीजन-2 के आयोजन से न केवल स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को खेल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ने का मंच भी मिलेगा। आयोजन की विस्तृत रूपरेखा, टीमों की भागीदारी एवं अन्य जानकारियां आगामी दिनों में सामने आने की संभावना है।