25 प्रतिशत नमी मिलने पर पनेका उपार्जन केंद्र में 180 क्विंटल धान रिजेक्ट
कबीरधाम |
2026-11-17 18:25:58
25 प्रतिशत नमी मिलने पर पनेका उपार्जन केंद्र में 180 क्विंटल धान रिजेक्ट
शासन के निर्धारित मानक से 8 प्रतिशत अधिक मिली नमी, खाद्य अधिकारी ने गुणवत्ता जांच के बाद नहीं दी खरीदी की अनुमति; किसानों से मानकों के अनुरूप धान लाने की अपील
कवर्धा, 17 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में पनेका धान उपार्जन केंद्र में जांच के दौरान 25 प्रतिशत नमी पाए जाने पर किसान नरेंद्र चंद्राकर द्वारा विक्रय के लिए लाए गए लगभग 180 क्विंटल धान को खरीदी के लिए अस्वीकृत (रिजेक्ट) कर दिया गया। धान में निर्धारित सीमा से अधिक नमी पाए जाने के बाद खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्रवाई की।
नमी मापन मशीन से की गई जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान नरेंद्र चंद्राकर लगभग 180 क्विंटल धान लेकर पनेका उपार्जन केंद्र पहुंचे थे। खरीदी प्रक्रिया के तहत धान की गुणवत्ता की जांच नमी मापन मशीन से की गई। परीक्षण में धान में नमी की मात्रा 25 प्रतिशत पाई गई, जबकि शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी ही स्वीकार्य है। इस तरह धान में निर्धारित सीमा से 8 प्रतिशत अधिक नमी मिलने पर उसे खरीदी के लिए अनुपयुक्त मानते हुए अस्वीकृत कर दिया गया।
गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने नियमित जांच
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में धान की नियमित जांच की जा रही है। धान की तौलाई एवं खरीदी से पहले नमी की मात्रा सहित अन्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी की जा सके।
किसानों से निर्धारित मानकों के अनुरूप धान लाने की अपील
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने किसानों से अपील की है कि वे उपार्जन केंद्रों में धान लाने से पहले अपनी उपज को अच्छी तरह सुखाकर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करें। विशेष रूप से धान में नमी की मात्रा निर्धारित 17 प्रतिशत की सीमा के भीतर होनी चाहिए। इससे खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होगी और किसानों को उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रशासन ने किसानों से धान खरीदी के निर्धारित नियमों एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की है।