नेवता भोज में बच्चों संग बैठे पत्रकार, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
कबीरधाम |
2026-11-18 18:25:40
नेवता भोज में बच्चों संग बैठे पत्रकार, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
कवर्धा। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच सामाजिक सहभागिता, सामुदायिक सहयोग और आपसी अपनत्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सहसपुर, संकुल छीरबांधा, विकासखंड सहसपुर लोहारा में नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्कूली बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया तथा उनके साथ संवाद कर शिक्षा, संस्कार, स्वच्छता और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल, प्रदेश सचिव विकास शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्याम टंडन, ब्लॉक सहसपुर लोहारा अध्यक्ष उमेश छेदावी, तोरण छेदावी, राजा श्रीवास्तव, सूरज चंद्राकर, रविंद्र शुक्ला, टिकेश्वर साहू सहित यूनियन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधानपाठक सुरेश पटेल ने कहा कि नेवता भोज जैसी पहल विद्यालय और समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम है। जब सामाजिक संगठन और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हैं तो उनमें समानता, भाईचारे और सामूहिकता की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का स्तर अच्छा है। विद्यार्थी नियमित अध्ययन के साथ अनुशासन और संस्कार का भी परिचय दे रहे हैं। बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियां और उनका व्यवहार विद्यालय परिवार के प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने यूनियन की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि नेवता भोज केवल भोजन कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। राज्य सरकार की इस पहल के पीछे उद्देश्य है कि समाज के लोग विद्यालयों से जुड़ें और बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। पत्रकारिता का दायित्व केवल समाचारों के माध्यम से समाज की समस्याओं को सामने लाना ही नहीं, बल्कि सकारात्मक सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाना भी है। उन्होंने विद्यालय के बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और संस्कारों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए समाज को आगे आना चाहिए। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन शिक्षा, पर्यावरण और जनहित से जुड़े सामाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता आगे भी जारी रखेगा।
जिला अध्यक्ष श्याम टंडन ने कहा कि बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से सामाजिक समानता और आपसी सद्भाव का संदेश जाता है। विद्यालय में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे को बेहतर वातावरण और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि, अच्छे संस्कार और अनुशासन का होना उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। समाज के सक्षम लोगों और संगठनों को ऐसे आयोजनों में आगे आना चाहिए। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालय परिवार और यूनियन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदेश सचिव विकास शुक्ला ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। नेवता भोज जैसे आयोजन बच्चों को एक साथ बैठकर भोजन करने, आपसी प्रेम और समानता का व्यवहार सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और बच्चों के व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि समाज की छोटी-छोटी पहल भी बच्चों के जीवन में बड़ी खुशियां ला सकती है।
सहसचिव टिकेश्वर साहू ने बच्चों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। बच्चों को अभी से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर ध्यान देने, अच्छी आदतें अपनाने और जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन के सदस्यों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों के व्यवहार को भी देखा। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का स्तर, अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्कार सराहनीय नजर आए। विद्यालय का वातावरण देखकर उपस्थित सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद और सामूहिक भोजन ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानपाठक सुरेश पटेल, शिक्षक कमलेश झारिया, रामप्रसाद पटेल, रमेश कुमार साहू, संतोष कुमार मेरावी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमुना यादव का सहयोग रहा। भोजन व्यवस्था में रसोइया अमृत बाई यादव, हेमबाई यादव, नरबदिया यादव और नीरा धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समानता और नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता का संदेश देते हुए यह साबित करने का प्रयास किया कि पत्रकार संगठनों की भूमिका सामाजिक सरोकारों में भी महत्वपूर्ण है।