ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता पर सख्त नजर, मुख्य अभियंता ने कबीरधाम में किया निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण
कबीरधाम |
2026-11-27 18:41:42
लालपुर-तारों, बनिया-कारेसरा और जैतपुरी गौरव पथ का किया स्थलीय निरीक्षण, ठेकेदारों को दिसंबर अंत अथवा जनवरी तक लंबित कार्य पूरे करने की दी हिदायत
हैवी ट्रैफिक से सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
कवर्धा, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कबीरधाम जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर विभागीय स्तर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में मुख्य अभियंता, रायपुर श्री वरुण राजपूत ने शुक्रवार को जिले का सघन दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं।
दौरे के दौरान मुख्य अभियंता श्री राजपूत ने लालपुर से तारों, बनिया से कारेसरा तथा जैतपुरी गौरव पथ मार्गों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री और तकनीकी प्रक्रियाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
लंबित कार्यों में तेजी लाने ठेकेदारों को सख्त निर्देश
स्थलीय निरीक्षण के बाद मुख्य अभियंता ने जिले के सभी संबंधित ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एसई श्री पी. मोहन राव सोनी, ईई श्री पटेल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। बैठक में उन्होंने लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने सड़कों को भारी वाहनों (हैवी ट्रैफिक) से होने वाली क्षति पर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन सड़कों की सुरक्षा और गुणवत्ता बनी रहे।
दिसंबर अंत अथवा जनवरी तक कार्य पूर्ण करने का भरोसा
बैठक में संबंधित ठेकेदारों ने मुख्य अभियंता को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी लंबित कार्यों को दिसंबर माह के अंत अथवा जनवरी तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा। विभाग द्वारा जिले में संचालित सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षण और सख्त निर्देशों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार के साथ ही ग्रामीणों को सुगम, सुरक्षित और टिकाऊ आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।