खेल

टीम इंडिया के आगे श्रीलंका का हुआ बुरा हाल, विमेंस अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में दर्ज की लगातार तीसरी जीत

नई दिल्ली। भारत की वीमेंस अंडर 19 टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना विजयी अभियान जारी रखा है। टीम इंडिया ने अंडर 19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले में श्रीलंका को 60 रन से हराकर मुकाबला जीता। भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी जीत है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 118 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम महज 58 रन ही बना सकी।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और भारत को पहले बैटिंग करने के लिए बुलाया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान के साथ 118 रन बनाए। तृशा और कमलिनी ने ओपनिंग की जिम्मेदारी निभाई। कमलिनी कुछ खास नहीं कर सकीं और वह 5 रन बनाकर आउट हुईं। तृशा ने कमाल की पारी खेली।

तृशा की दमदार पारी

एक छोर संभालते हुए तृशा ने 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 49 रन बनाए। सनिका चाल्के खाता तक नहीं खोल पाईं। कप्तान निकी प्रसाद ने 11 रन का योगदान दिया। उन्होंने 2 चौके लगाए। मिथिला विनोद 16 रन, जबकि जोशिथा ने 14 रन की पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से तीन गेंदबाजों ने दो-दो विकेट चटकाए।

गेंदबाजों ने किया कमाल

श्रीलंका की विमेंस अंडर-19 टीम भारत के दिए लक्ष्य का पीछा करते हुए 58 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज संजना 5 रन बनाकर आउट हुईं। निसंसला अपना खाता तक नहीं खोल पाईं। कप्तान मनुडी ननयकारा 2 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। हिरुनी हंसिका भी 2 रन बनाकर आउट हुईं। भारत की कसी हुई गेंदबाजी के आगें श्रीलंकाई बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल पाए।

दर्ज की लगातार तीसरी जीत

भारत के लिए शबनम ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवरों में 9 रन देकर 2 विकेट लिए। परुनिका और जोशिथा ने भी 2-2 विकेट चटाए। आयुषी शुक्ला को एक विकेट मिला। बता दें कि यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। टीम इंडिया ने पहले मैच में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया था। इसके बाद मलेशिया को 10 विकेट से रौंदा था।

Leave Your Comment

Click to reload image