IND vs ENG: Ed Sheeran ने पुणे में की इंग्लैंड क्रिकेट टीम से मुलाकात, जोस बटलर ने पॉप स्टार को दिया स्पेशल गिफ्ट
नई दिल्ली। ब्रिटीश सिंगर एड शीरन ने गुरुवार को अपने भारत दौरे की पहली रात को पुणे में इंग्लैंड क्रिकेट टीम से मुलाकात की। शीरन भारत में मैथामेटिक्स दौरे पर हैं, जिसकी शुरुआत पुणे से हुई। उन्होंने भारतीय फैंस को अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध कर दिया।
'शेप ऑफ यू' सिंगर ने अपने शो में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को भी आमंत्रित किया, जो पुणे में भारत के खिलाफ चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए उपस्थित थी। भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। एड शीरन ने बैकस्टेज पर पूरी इंग्लैंड टीम से मुलाकात की।
एक-दूसरे को स्पेशल गिफ्ट दिया
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने पूरे स्क्वाड द्वारा साइन की गई जर्सी पॉप स्टार को गिफ्ट की। बदले में शीरन ने इंग्लिश कप्तान को फुटबॉल क्लब इपस्विच की जर्सी भेंट की। इंग्लैंड क्रिकेट ने एड शीरन और इंग्लिश टीम की मुलाकात के फोटो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए।
इंग्लैंड क्रिकेट ने अपने एक्स अकाउंट पर फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ''एक परफेक्ट शाम! धन्यवाद एड शीरन हमारी पूरी टीम और बैकरूम स्टाफ को पुणे में भारत दौरे की पहली रात पर आमंत्रित करने के लिए। बैकस्टेज पर मिलने के बाद एड और जोस बटलर ने एक-दूसरे को जर्सी भेंट की। जोस अब साइन की गई इपस्विच क्लब के गौरवान्वित मालिक हैं।''
धमाकेदार वापसी करना चाहेगा इंग्लैंड
बहरहाल, क्रिकेट एक्शन पर लौटे तो ध्यान दिला दें कि इंग्लैंड की टीम मौजूदा पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 1-2 से पीछे है। भारतीय टीम ने कोलकाता और चेन्नई में शुरुआती दो मुकाबले जीते और सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद राजकोट में बटलर सेना ने जबरदस्त वापसी करते हुए 26 रन से जीत दर्ज करके सीरीज का अंतर 1-2 से कम किया।
इंग्लैंड की कोशिश लगातार दूसरी जीत दर्ज करके सीरीज 2-2 से बराबर करने की होगी। वहीं, सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम की कोशिश चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी।