छत्तीसगढ़ / दुर्ग
राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन 31 अगस्त तक
दुर्ग । जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 20 से 31 अगस्त 2025 तक खेल दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
29 अगस्त 2025 को प्रातः 7.30 बजे सुराना कॉलेज मैदान पर मेजर ध्यानचंद हॉकी के जादूगर के नाम से हॉकी खेल, फुटबॉल एवं खो-खो खेल का आयोजन किया जाएगा। खिलाड़ियों द्वारा खेलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। जिले के टीमों के मध्य हॉकी एवं फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम समय-सुबह अतिथियों का आगमन, ध्यानचंद जी की फोटो पर माल्यार्पण, प्रारंभ रैली दौड, मुख्य अतिथियों का सम्मान, खिलाड़ियों को नाश्ता, खेल प्रारंभ एवं शामः मुख्य अतिथि एवं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी का सम्मान एवं समापन किया जाएगा।
खेल दिवस के अवसर पर 30 अगस्त 2025 को मेजर ध्यानचंद अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी के नाम पर जिला दुर्ग के विकासखण्ड दुर्ग के शा.उ.मा.विद्यालयः पुरई में पारंपरिक खेल आयोजन किया जायेगा। खेल का नाम कबड्डी, खो-खो, स्थानीय खेल पिट्ठुुल, गेड़ी दौड़। समापन अवसर पर स्थानीय प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जायेगा।
31 अगस्त 2025 को खेल दिवस के अवसर पर सायकल रैली का आयोजन प्रगति भवन (सिविक सेन्टर) जयंती स्टेडियम में किया जा रहा है। सायकल रैली का शुभारंभ प्रगति भवन जयंती स्टेडियम से किया जाएगा। सायकल रैली निम्नानुसार मार्ग से गुजरेगी।
सायकल रैली 31 अगस्त 2025 को प्रातः 08.30 बजे प्रगति भवन (सिविक सेन्टर) भिलाई से प्रारंभ होकर शहीद पार्क, परिवार चौक, रेल चौक, डीपीएस चौक, एस.एस.बी. चौक, जयन्ती स्टेडियम में पिछे भाग से प्रवेश करते हुए स्टेडियम के अंदर एक चक्कर लगाकर पुनः पीछे वाली गेट से प्रगति भवन पहुंचकर रैली का समापन होगा। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान एवं खिलाड़ियों को शपथ ग्रहण किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री ने किया खादी महोत्सव का शुभारंभ
दुर्ग । प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने 27 अगस्त को छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी महोत्सव का शुभारंभ किया।
सिविक सेंटर भिलाई के वेल्डेक्स ग्राउंड में ग्रामोद्योग बोर्ड अंतर्गत बुनकरों द्वारा स्वदेशी खादी वस्त्रों की बिक्री हेतु प्रदर्शनी लगाई गई है। शुभारंभ अवसर पर ग्रामोद्योग मंत्री श्री यादव ने कहा कि खादी सिर्फ वस्त्र नही, यह आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित जनों से खादी वस्त्रों के महत्व पर चर्चा करते हुए स्वयं भी खादी वस्त्र खरीदा और सभी से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की। कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडे, दुर्ग निगम के सभापति श्याम शर्मा, पार्षदगण एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बीएसपी एम्पलाइज कोऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड ने जुलाई माह के रिटायर कर्मियों को दी विदाई
भिलाई । बीएसपी एम्पलाइज कोऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-4 ने समारोह का आयोजन कर माह जुलाई 2025 में भिलाई स्टील प्लांट की सेवा से निवृत्त हुए अपने सदस्य कर्मियों को ससम्मान विदाई दी। इस दौरान रिटायर कर्मियों ने सम्मान के लिए आभार जताया और आगे भी सोसाइटी से जुड़े रहने की इच्छा जताई। इन कर्मियों ने अपने सेवाकाल से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा कि- हमें जब जरूरत पड़ी, सेक्टर-4 सोसाइटी ने हमेशा अपना हाथ आगे बढ़ाया।
स्वागत उपरांत सोसाइटी के अध्यक्ष पूरन देवांगन ने रिटायर कर्मियों को सम्मान पत्र, मिठाई, श्रीफल व अंतिम भुगतान का चेक प्रदान कर उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दी। अध्यक्ष देवांगन ने कहा कि रिटायर हुए वरिष्ठ साथियों की भावना का पूरा सम्मान है और भविष्य में भी हम अपने इन साथियों का मार्गदर्शन लेते रहेंगे।
इस दौरान रिटायर कर्मियों ने अपनी भावनाएं व्यक्त की। एमएसजी से रिटायर गोविंद सिंह जाटव ने कहा कि इस सोसाइटी में हम बचत के तौर पर जितना निवेश करते हैं, उससे ज्यादा तो हमें कई स्वरूप में वापस मिल जाता है। रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल से रिटायर राकेश शर्मा ने बताया कि सेक्टर-4 सोसाइटी ने सबसे पहले लाभांश देना शुरू किया, जिसका अनुसरण दूसरी सोसाइटी ने किया। रूप सिंह ने बताया कि उन्होंने विभिन्न वजहों से दूसरी सोसाइटी की सदस्यता खत्म कर यहां की सदस्यता बरकरार रखी।
ट्रांसपोर्ट एंड डीजल ऑर्गेनाइजेशन के बलराज सिंह और रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हर पारिवारिक जरूरत में सोसाइटी से लिया ऋण ही काम आया। प्लेट मिल के रमेश कुमार ने कहा- सोसाइटी सिर्फ लोन देने का ही कार्य नहीं करती, बल्कि एक पारिवारिक माहौल भी बनाती है। कैपिटल हैवी मेंटेनेंस से रिटायर श्रीकांत मोहनराव मन्नूर और मर्चेंट मिल से रिटायर कृतवर्मा यादव ने सोसाइटी की कार्यशैली को सराहा।
विदाई समारोह को रिटायर सदस्यों में मर्चेंट मिल से वीरेंद्र कुमार साहू, डी शंकर राव, संतराम कुर्रे, इंस्ट्रूमेंटेशन से मनोज कुमार पांडा, ट्रांसपोर्ट एंड डीजल ऑर्गेनाइजेशन से बलराज सिंह, मशीन असेंबलिंग एंड रि-इंजीनियरिंग शाप (मार्स) से सुनील कुमार, वीरेंद्र कुमार पटेल, ब्लास्ट फर्नेस से लिखन सिंह भंडारी, शशिकांत उपाध्याय, रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल से भुवन राम साहू, स्टील स्ट्रक्चरल शॉप से अनिल कुमार फुले, सीडीसीपी से दीपांकर मजूमदार और ऑक्सीजन प्लांट 2 से के एस संजीव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष असमां परवीन,संचालक मंडल सदस्यगण विपिन बन्छोर, जानकी राव, सतानंद चंद्राकर, वेद प्रकाश सूर्यवंशी,पुरुषोत्तम सिंह कंवर और नितिशा साहू तथा सोसायटी के कर्मियों में मैनेजर सुदीप बनर्जी, पिजुष कर, नारायण साहू, सुरेश कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। मंच संचालन शशि भूषण सिंह ने और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष अशोक कुमार राठौर ने किया।
दुर्ग में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 लड़के गिरफ्तार
भिलाई । दुर्ग पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में दो नाबालिग और एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 19 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की गई हैं। जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपए है। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर के अनुसार, जिले में बढ़ती वाहन चोरी पर नजर रखने के लिए 'सशक्त ऐप' का यूज किया जा रहा था।
सूचना पर ग्रीन चौक से तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि वे पिछले चार महीनों से वाहन चोरी कर रहे थे। दो नाबालिग आरोपी अपना शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी करते थे। वे चोरी के वाहनों को कम कीमत में अपने परिचितों को बेच देते थे। खरीददार जानते थे कि वाहन चोरी के हैं और इनके पास न तो नंबर है और न ही कागजात।
पुलिस ने 14 ऐसे खरीददारों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद किए गए वाहनों में 10 स्कूटी और 9 बाइक है। आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चुराते थे। वे चोरी के वाहनों को छिपाकर रखते और फिर बेचकर पैसे खर्च कर देते थे।
पेट्रोल के लिए हेलमेट अनिवार्य
दुर्ग । जिले में अगर आप भी दो पहिया वाहन चला रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है. जिलेभर के पेट्रोल पंप पर बुधवार से बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा. ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान जिले में सख्ती के साथ लागू कर दिया गया है. केवल आकस्मिक सेवा, मेडिकल इमरजेंसी और धार्मिक पगड़ी पहनने वाले व्यक्तियों को राहत दी जाएगी.
बता दें कि दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के उद्देश्य से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किया है. इसी के साथ पेट्रोल पंप संचालकों को परिसर में नो हेलमेट नो पेट्रोल का बोर्ड या पोस्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं. आदेश के उल्लंघन पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
एक ओर यह आदेश आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से फायदेमंद साबित हो सकता है. वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालकों में बिक्री कम होने की चिंता बढ़ गई है.
155 तस्कर गिरफ्तार, 7 महीने में दुर्ग पुलिस ने की ये कार्रवाई
भिलाई । दुर्ग पुलिस ने नशा तस्करों के चेन को तोड़ते हुए अब तक 71 मामले में केस दर्ज कर कुल 155 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है. इसमें 21 महिलाएं भी शामिल है जो नशा बेचते हुए पकड़ायी है. पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्रवाई सूखा नशा गांजे पर कार्रवाई की है. वहीं हेरोइन, ब्राउन शुगर, टेबलेट और सिरप भी जब्त की है।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी को रोकते हुए नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. अभियान के तहत 1 जनवरी से 31 जुलाई तक जिले में नशा तस्करों के खिलाफ 71 मामले दर्ज करते हुए 155 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है. उन्होंने बताया कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की है. मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में दुर्ग पुलिस की कार्रवाई अच्छी खासी रही.
एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष मात्र 7 महीनों में बीते वर्ष की गिरफ्तारियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है. एसएसपी विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है. अग्रवाल के मुताबिक जिले के साथ-साथ बाहरी राज्यों के नशा कारोबारियों और तस्करों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है. पुलिस थानों सहित क्राइम ब्रांच की टीम को भी इस दिशा में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश हैं.
सीएससी संचालकों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर सख्ती
श्रम विभाग ने जारी किए निर्देश
दुर्ग । छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने प्रदेश के सभी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि श्रमिकों से पंजीयन एवं योजना आवेदन के लिए केवल निर्धारित शुल्क ही वसूला जाए। यह निर्देश हाल ही में प्राप्त शिकायतों के आधार पर जारी किए गए हैं, जिनमें पाया गया है कि कुछ सीएससी संचालकों द्वारा 1000 से 1500 रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है, जबकि विभाग द्वारा अधिकतम 20 से 30 रुपए शुल्क ही निर्धारित किया गया है।
श्रम विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी सीएससी संचालकों को पंजीयन एवं योजनाओं से संबंधित शुल्क की दरें सूचना बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होंगी। यदि कोई संचालक तय शुल्क से अधिक राशि वसूलते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक श्रमायुक्त से प्राप्त जानकारी अनुसार इस दिशा में निगरानी और निरीक्षण की प्रक्रिया को और सख्त किया जा रहा है। जिला स्तर पर कलेक्टर के संज्ञान में लाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, सीएससी संचालकों और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। पोर्टल पर दर्ज पंजीयन एवं योजना आवेदन की स्वीकृति या निरस्तीकरण की भी रैंडम आधार पर जांच की जाएगी। साथ ही शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष तंत्र तैयार किया जा रहा है।
श्रमिकों और हितग्राहियों को “श्रमेव जयते” मोबाइल ऐप के माध्यम से जागरूक किया जाएगा और सभी श्रम कार्यालयों एवं श्रम संस्थानों से ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
डॉ. रमन सिंह को बीजेपी में लाने वाले बिसे गुरूजी का निधन
दुर्ग । दुर्ग की राजनीति के बड़े नाम और भाजपा के आधार स्तंभ माने जाने वाले बिसे यादव ‘गुरूजी’ का निधन हो गया। 73 वर्ष की आयु में उन्होंने आज अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे हरनाबांधा मुक्तिधाम में हुआ।
दुर्ग की राजनीति में बड़ा नाम
बिसे यादव को ‘गुरूजी’ के नाम से जाना जाता था। वे दुर्ग में भाजपा की स्थापना और विस्तार के प्रमुख चेहरे रहे। कहा जाता है कि उन्होंने ही डॉ. रमन सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। 1986-87 में जब भाजपा की स्थिति कमजोर थी, तब वरिष्ठ नेता गोविंद सारंग के साथ वे कवर्धा पहुंचे और वहां डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर उन्हें भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनाया। यही से डॉ. रमन सिंह की राजनीतिक यात्रा भाजपा में शुरू हुई।
कांग्रेस के दिग्गजों को दी चुनौती
बिसे यादव ने उस दौर में राजनीति की जब कांग्रेस का दबदबा था। 1984 में उन्हें भाजपा ने तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और परिवहन मंत्री मोतीलाल वोरा के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा। 1989 में दुर्ग विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने शिवसेना प्रत्याशी के रूप में मोतीलाल वोरा को चुनौती दी। हालांकि वे चुनाव हार गए, लेकिन कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को टक्कर देने से उनकी राजनीतिक हैसियत काफी बढ़ गई।
राजनीतिक सफर
1974 से 1979 तक उन्होंने नेशनल हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। 1979 में उन्होंने नौकरी छोड़ राजनीति में कदम रखा और पहली बार दुर्ग नगर पालिका परिषद के पार्षद चुने गए।
इसके बाद वे पांच बार पार्षद बने। भाजपा के शुरुआती दौर में वे भाजयुमो शहर अध्यक्ष और भाजपा शहर अध्यक्ष भी रहे।
सिद्धांतवादी नेता
बिसे गुरूजी सिद्धांतवादी छवि के नेता रहे। भाजपा सत्ता में आने के बाद उन्हें अपेक्षित महत्व नहीं मिला, लेकिन वे संगठन और विचारधारा के प्रति समर्पित बने रहे।
हाल के वर्षों में उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का अभियान भी शुरू किया था, लेकिन अस्वस्थता के कारण यह आंदोलन आगे नहीं बढ़ पाया।
लोगों की यादों में जिंदा रहेंगे गुरूजी
दुर्ग और आसपास की राजनीति में बिसे यादव का नाम एक ऐसे नेता के रूप में दर्ज है जिन्होंने भाजपा को शून्य से खड़ा किया और दिग्गज नेताओं को चुनौती देने का साहस दिखाया। वे पूर्व मंत्री स्व. हेमचंद यादव के भी राजनीतिक गुरु माने जाते थे।
BSP के डस्ट कैचर यूनिट में जोरदार ब्लास्ट, दूर-दूर तक दिखीं आग की लपटें
भिलाई । भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में शुक्रवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस-8 महामाया ब्लास्ट फर्नेस के डस्ट कैचर यूनिट में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग भड़क उठी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:40 बजे गैस प्रोसेसिंग के शुरुआती चरण में डस्ट कैचर यूनिट का वाल्व अचानक खुल गया। इससे जोरदार ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रही थीं। हादसे में प्लांट का स्टोर और आसपास के इलाके भी आग की चपेट में आ गए।
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही भिलाई स्टील प्लांट की फायर ब्रिगेड की 4 से 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आईं।
भारी नुकसान की आशंका
इस भीषण आगजनी से प्लांट को भारी नुकसान होने की खबर है। बड़ी मात्रा में कोयला जलकर राख हो गया, जबकि आसपास की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
विभागों में नवाचार को बढ़ावा दें – उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
प्रधानमंत्री आवास निर्माण समयसीमा में पूर्ण करें, गुणवत्ता पर विशेष जोर
सट्टा, नशा और गौवंश तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रायपुर, 13 अगस्त 2025
दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज लोक निर्माण विभाग कार्यालय, दुर्ग के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विभागों में नवाचार को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसे कारगर और प्रभावी नवाचार करें, जिनसे विभागीय कार्य खुद अपनी गुणवत्ता और उपलब्धियों के माध्यम से प्रदर्शित हों, ताकि कार्यों के लिए अलग से सफाई या औपचारिकता की जरूरत न पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के पत्र और सुझावों को गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि वे जनता के बीच रहकर वास्तविक स्थिति और जरूरतों से अवगत होते हैं।बैठक में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर, दुर्ग शहर विधायक श्री गजेन्द्र यादव, वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्मित आवासों का अवलोकन जिला पंचायत के अधिकारियों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, विधायकों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ किया जाए, ताकि हितग्राहियों से सीधे प्रतिक्रिया प्राप्त की जा सके। नगरीय निकायों में कचरा निष्पादन के लिए जनप्रतिनिधियों के सुझाव के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा गौ अभ्यारण्य हेतु वन और पशुपालन विभाग द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर तय स्थान पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने सट्टा और नशे की सामाजिक बुराइयों पर सख्त कार्रवाई करने, पंचायत, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयास से जनजागरूकता अभियान चलाने, गौवंश तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने और घुसपैठियों पर निगरानी के साथ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साइबर क्राइम नियंत्रण में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। अविवादित राजस्व प्रकरणों का पंचायत स्तर पर निपटारा करने और आरआई सर्किलों में राजस्व शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का समाधान करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को प्रधानमंत्री वय वंदना योजना पर विशेष ध्यान देने और कृषि विभाग को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ जिले के सभी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही दहलन-तिलहन फसलों की पैदावारी बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा मोबाइल वैन से पशुओं के त्वरित उपचार की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण पूर्ण होने के बाद कार्य योजना को पंचायत को हस्तांतरित करने को कहा। बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 28,476 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 1,764 सोखपिट हितग्राहियों ने स्वयं अपने स्तर पर बनाए हैं। निर्माणाधीन आवासों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 1,00,411 पौधरोपण किया गया है। जिले में 16 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र निर्माणाधीन हैं और 72 बर्तन बैंक स्थापित हो चुके हैं।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 14.97 लाख हितग्राहियों का पंजीयन पूर्ण किया गया है, जबकि प्रधानमंत्री वय वंदना योजना में 27,366 पंजीयन हुए हैं। ऑनलाइन परामर्श से 2,148 हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को लाभ मिला है और जिले में 47 प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं। स्वामित्व योजना के तहत 381 ग्रामों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और 339 ग्रामों के जियो-रेफरेंसिंग कार्य भी संपन्न हो चुके हैं।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत जिले में 3,854 पंजीयन हुए हैं और 804 सौर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। बैठक के प्रारंभ में पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई और विधायकों द्वारा आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, एडीएम श्री विरेन्द्र सिंह सहित सभी विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
वित्तीय समावेशन अभियान के अंतर्गत कोड़िया ग्राम पंचायत में एक दिवसीय शिविर का आयोजन
दुर्ग । भारत सरकार के वित्त मंत्रालय, वित्तीय समावेशन विभाग के निर्देशानुसार एक जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक चलाए जा रहे वित्तीय समावेशन योजनाओं के संतृप्ति अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले की कोड़िया ग्राम पंचायत में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बैंक ऑफ बड़ौदा हनोदा शाखा द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी प्रमुख बैंकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना, पात्र खाताधारकों का पुनः केवाईसी कराना और जनधन, बीमा, पेंशन आदि योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाना था।
इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय की क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रिनी अजीत ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों और लाभार्थियों से संवाद कर वित्तीय समावेशन की महत्ता पर प्रकाश डाला और डिजिटल बैंकिंग में सावधानी बरतने तथा धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने खाताधारकों से समय पर केवाईसी पूर्ण करने की अपील की। अग्रणी बैंक प्रबंधक संजय गर्ग ने बताया कि 264 खातों का पुनः केवाईसी किया गया, 12 नए जनधन खाते खोले गए, 36 खातों में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 23 खातों में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, 6 खातों में अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीकरण शिविर में कोड़िया और आसपास के गाँवों के नागरिकों, विशेषकर महिला समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें केवाईसी, बीमा, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर से दीपेश तिवारी, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक बी. चावड़ा, उप क्षेत्रीय प्रबंधक दुर्ग जयप्रकाश नारायण, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक संजय गर्ग, तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन सिंह चंदेल भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन को समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
नौकरी के नाम पर रकम लेने की दोषी महिला प्रधान आरक्षक बर्खास्त
भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन गृह पुलिस विभाग ने महिला प्रधान आरक्षक (क्रमांक 942) मोनिका सोनी उर्फ मोनिका गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
विभागीय जांच में यह सिद्ध हुआ कि उन्होंने एक व्यक्ति से नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध रकम ली और अपने पद का दुरुपयोग किया। इस पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने निलंबन के बाद बर्खास्तगी का आदेश जारी किया।
एसएसपी ने बताया कि मोनिका सोनी पर आरोप था कि उन्होंने अभय कुमार की पुत्री प्रीति पटेल साहू से नौकरी दिलाने के नाम पर राशि लेकर पुलिस नियमावली एवं सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन किया।
इस मामले में 28 अक्टूबर 2024 को विभागीय जांच शुरू हुई, जिसमें साक्ष्य और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
जांच रिपोर्ट में आरोप प्रमाणित पाए गए।
मोनिका को 19 जुलाई 2025 को आरोपपत्र दिया गया, लेकिन उन्होंने समय पर जवाब नहीं दिया। 28 जुलाई को अंतिम स्मरण पत्र जारी होने के बाद भी कोई उत्तर न देने पर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ जीरो, चेहरे पर आई राहत की मुस्कान
दुर्ग । दुर्ग जिले के ग्राम मोहलई में रहने वाले देवांगन परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाकर ना केवल मुफ्त बिजली का लाभ उठा रहे हैं, बल्कि बिजली के बिलों से भी राहत पा रहे हैं। जहां पहले हर महीने भारी भरकम बिजली बिल उन्हें चिंता में डाल देता था, वहीं अब उनके चेहरे पर राहत की मुस्कान है।
अनिता देवांगन के पति आधुनिक तकनीकों में भी रुचि रखते हैं। देवांगन ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत पर 6 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया है, जिसकी कुल लागत करीब 3 लाख रुपये आई। इस योजना के तहत उन्हें केंद्र सरकार से 75 हजार रूपए की सब्सिडी भी मिली, जिससे लागत और भी कम हो गई। पहले गर्मियों में बिजली का बिल 4 से 5 हजार रुपए तक आता था। बाकी सीजन में 2500 रुपए तक बिल देना पड़ता था। लेकिन अब पिछले छह महीनों से बिजली बिल जीरो आ रहा है। उनके घर में 4 एसी, 3 टीवी और अन्य बिजली उपकरण चलते हैं, फिर भी सोलर एनर्जी के कारण उन्हें बिजली बिल की कोई फिक्र नहीं है। देवांगन के पति हरिहर प्रसाद देवांगन नवापारा में ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं।
इस पहल से देवांगन परिवार को बड़ी राहत मिली है। इनकी घर की आवश्यकता अभी केवल दो केवी है, शेष केवी को सरकार को बेच पैसा कमाने की योजना है। अब जो पैसे पहले बिजली बिल में जाते थे, उन्हें वे बच्चों की पढ़ाई और घर के अन्य जरूरी कामों में लगा पा रहे हैं।
मृतकों के परिजनों को मिली 8 लाख रूपए की आर्थिक सहायता
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 8 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउस नं. 204, वार्ड नं. 09, दमोदा बोरई तहसील व जिला दुर्ग निवासी श्रीमती झाामबती साहू की विगत 30 मई 2020 को वाहन सहित कोटनी शिवनाथ नदी एनीकेट के पास नदी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इसी प्रकार बिजली नगर छावनी भिलाई जिला दुर्ग निवासी पवन यादव की विगत 02 जुलाई 2020 को नहाते समय पानी में डुबने से मृत्यु हो गई थी।
कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुरूप स्व. श्रीमती झाामबती साहू की पुत्रवधु श्रीमती नीतू साहू, पुत्री भूमिका साहू और हेमलता साहू को संयुक्त रूप से 4 लाख और स्व. पवन यादव के भतीजा गुलाबचंद यादव, भाभी श्रीमती मीना यादव तथा बहन सहोद्रा यादव और अमरिका यादव को संयुक्त रूप से 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
हड़ताल के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने कलेक्टर ने सहायक अधीक्षकों को सौंपा प्रभार
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के हड़ताल अवधि में तहसीलों में कार्यालयीन कार्यों के सुचारू संपादन तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के अंतर्गत भू-अभिलेख शाखा में पदस्थ सहायक अधीक्षक भू-अभिलेखों को तहसीलवार प्रशासनिक प्रभार सौंपा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख अजय कुमार मेरावी को तहसील दुर्ग का, आलोक शुक्ला को तहसील बोरी का तथा श्याम लाल साहू को तहसील पाटन का प्रशासकीय प्रभार दिया गया है। इसी प्रकार सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख शंकर प्रसाद तिवारी को तहसील अहिवारा का, श्रीमती प्रभा चन्द्राकर को तहसील भिलाई-3 का तथा संतोेष कुमार नागरे को तहसील धमधा का प्रभार दिया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के लिए अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
12 अगस्त को प्रातः 09 बजे स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल
दुर्ग। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन जिले में गरिमामयी एवं हर्षाेल्लास के साथ जिला मुख्यालय स्थित प्रथम बटालियन दुर्ग में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9ः00 बजे से किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 8ः00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके अनुसार अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु प्रभारी अधिकारी का दायित्व दिया गया है। ध्वजारोहण उपरांत जिला मुख्यालय में परेड की सलामी ली जायेगी। जिसके लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग, कमाण्डेंट होमगार्ड दुर्ग एवं कमाण्डेंट केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल भिलाई को दायित्व सौंपा गया है। 15 अगस्त के पूर्व नगर में सभी जगह, सभी महत्वपूर्ण स्मारकों की साफ सफाई सुनिश्चित कराने के लिए आयुक्त नगर निगम दुर्ग, आयुक्त नगर निगम भिलाई, महाप्रबंधक नगर प्रशासन बीएसपी भिलाई तथा समस्त नगरीय निकाय प्रमुख को दायित्व दिया गया है। पंचायत स्तर पर निर्मित जय स्तंभों की साफ-सफाई की व्यवस्था अपने-अपने क्षेत्रों में उप संचालक पंचायत दुर्ग एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सर्व द्वारा कराई जायेगी।
सर्व कार्यालय प्रमुख, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सर्व जिला दुर्ग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सर्व जिला दुर्ग को जिले के सभी तहसील, विकासखण्ड, ग्राम स्तर पर सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समारोह का आयोजन सुनिश्चित कराने का दायित्व दिया गया है। अतिथियों, अधिकारी/कर्मचारियों तथा दर्शकों के वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था उप पुलिस अधीक्षक यातायात तथा पुलिस अधीक्षक जिला दुर्ग करेंगे। कार्यक्रम स्थल में एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग द्वारा तथा अग्नि शमन यंत्र की व्यवस्था कमाण्डेंट होमगार्ड दुर्ग द्वारा की जाएगी।
अतिथिगण, प्रेस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आम जनता, महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग सेक्टर का निर्माण कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग एवं आयुक्त नगर पालिक निगम, दुर्ग के द्वारा की जायेगी। बेरिकेटिंग के लिए आवश्यकता अनुसार बांस, बल्लियां वनमण्डलाधिकारी दुर्ग के द्वारा प्रथम बटालियन दुर्ग में उपलब्ध करायी जाएंगी। बेरिकेटिंग का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग एवं नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के साथ समन्वय कर किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न गडढों की मरम्मत लोक निर्माण विभाग दुर्ग द्वारा की जायेगी। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं प्रथम बटालियन दुर्ग की साफ-सफाई, पेयजल हेतु टेंकर, मोबाईल टायलेट इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वाटरप्रुफ शामियाना एवं कुर्सियों, सोफासेट, माईक, लाउडस्पीकर आदि की व्यवस्था आयुक्त, नगर नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत धमधा अहिवारा द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम स्थल में ध्वजदण्ड, चबुतरे का निर्माण, कार्यक्रम में उपस्थित वी.आई.पी. एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दुर्ग के द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम स्थल पर प्लास्टिक गिलास का उपयोग नहीं करने कहा गया है।
सूर्यास्त के पूर्व इसे उतारने की समुचित व्यवस्था, ध्वजारोहण की सम्पूर्ण व्यवस्था रक्षित निरीक्षक, पुलिस लाईन दुर्ग के द्वारा की जायेगी। समारोह स्थल, मुख्य मंच एवं प्रवेश द्वार में कार्यपालिक दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी तैनात होगें, कार्यपालिक दण्डाधिकारी की नियुक्ति अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग एवं पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियां पुलिस अधीक्षक दुर्ग के द्वारा की जायेगी। समारोह स्थल प्रथम बटालियन दुर्ग में आमंत्रित अतिथियों के प्रवेश एक निश्चित द्वार से ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग द्वारा करायी जावेगी तथा अतिथियों की बैठक व्यवस्था प्रभारी अधिकारी (प्रोटोकाल शाखा) दुर्ग द्वारा की जाएगी। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण पश्चात् छोड़े जाने वाले गुब्बारे की व्यवस्था महाप्रबंधक, जिला उद्योग दुर्ग के द्वारा तथा मुख्य अतिथि हेतु टोपी की व्यवस्था नाजरात शाखा के प्रभारी अधिकारी द्वारा की जायेगी।
इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समिति बनाने तथा स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने तथा कार्यक्रम स्थल में रंगोली की व्यवस्था करने जिला शिक्षा अधिकारी को कहा गया है। मंच सजावट के लिए फूल माला, पेन्ट किए हुए एवं गुणवत्ता पूर्ण गमले की व्यवस्था, उद्यानिकी विभाग को, निर्बाध विद्युत कनेक्शन, जनरेटर आदि की व्यवस्था के लिए कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित दुर्ग को दायित्व दिया गया है। मुख्य अतिथि द्वारा संबोधन एवं मुख्यमंत्री का संदेश का वाचन किया जायेगा। संदेश पुस्तिका उप संचालक, जनसम्पर्क दुर्ग के द्वारा उपलब्ध करायी जायेगी। कार्यक्रम स्थल में उद्घोषक श्रीमती ममता ध्रुव, शिक्षा विभाग, अनिता सावंत पर्यावरण विभाग दुर्ग एवं श्रीमती उर्मिला ओझा ट्राईबल विभाग रहेगें। 15 अगस्त 2025 के अवसर पर विभागीय उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा मंच से सम्मानित किया जावेगा। जिसकी कार्यवाही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दुर्ग एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग दुर्ग द्वारा की जाएगी। मंच से प्रशस्ति पत्र वितरण हेतु प्रभारी अधिकारी हितेश पिस्दा डिप्टी कलेक्टर रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रम का रेडियो एवं टीव्ही में प्रसारण की व्यवस्था सहायक आयुक्त आबकारी दुर्ग के द्वारा तथा दैनिक समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मिडिया में प्रचार-प्रसार की व्यवस्था का दायित्व उप संचालक जनसम्पर्क दुर्ग एवं नगर पालिक निगम दुर्ग/भिलाई का होगा। शहर में प्रमुख स्थानो एवं चौक चौराहों पर राष्ट्रीय देशभक्ति गीत/संगीत के प्रसारण की व्यवस्था आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग/भिलाई के द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम की विडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी का कार्य सहायक संचालक, जनसम्पर्क एवं खनिज अधिकारी, दुर्ग के द्वारा कराया जायेगा। प्रथम बटालियन दुर्ग में जिला स्तर पर मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जायेगी। सलामी के लिए चूने की लाईन से मार्किंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग (भ./स.) दुर्ग द्वारा की जाएगी। स्थानीय निकायों के सर्व विभाग प्रमुख को 15 अगस्त की रात्रि को संबंधित शासकीय सार्वजनिक भवनों में एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों में रोशनी किया जाना सुनिश्चित करने कहा गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल 12 अगस्त 2025 को प्रातः 09 बजे किया जाएगा।
प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग में ‘स्तनपान सप्ताह’ कार्यक्रम आयोजित
- बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत स्वास्थ्य, पोषण व डिजिटल सुरक्षा पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
दुर्ग। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्तनपान सप्ताह के अवसर पर आज प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जांबुलकर एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. ओमेश खुराना ने स्तनपान की आवश्यकता, जन्म के पहले छह माह तक केवल माँ के दूध की महत्ता तथा पहले पीले गाढ़े दूध (कोलेस्ट्रम) के पोषण संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खेलों के माध्यम से बच्चों और उपस्थित जनों को यह भी समझाया कि माँ के दूध का कोई विकल्प नहीं है, और यह जच्चा-बच्चा दोनों के लिए संपूर्ण पोषण का स्त्रोेत है। इसके साथ ही लेखराम ध्रुव द्वारा वित्तीय प्रबंधन एवं ऑनलाइन डिजिटल सुरक्षा के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी देते हुए बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी। महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और करियर की दिशा तय करने पर प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। साथ ही विभाग की प्रमुख योजनाओं जैसे-महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मिशन शक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा आदि की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्रीमती विनिता गुप्ता, जेंडर विशेषज्ञ लक्ष्मीकांत यादव, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ श्रीमती शिल्पी उपाध्याय, सीडब्ल्यूसी से नारायण सोनी, चाइल्ड हेल्पलाइन से चंद्रप्रकाश पटेल, सखी वन स्टॉप सेंटर से प्रशासक श्रीमती असंति साहू, पैरा लीगल कार्यकर्ता नेमेश्वरी सेन, विद्यालय के प्राचार्य आशीष गुप्ता, शिक्षकगण एवं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।