छत्तीसगढ़ / जशपुर
जंगल क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग की सख्त कार्यवाही, दो वाहन जब्त
जशपुरनगर 29 मार्च 2026
वन क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन की प्राप्त सूचना पर वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। अवैध बोर खनन में लगे 2 वाहनों को जप्त किया गया। ग्रामीणों द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना देने पर वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सन्ना अंतर्गत परिक्षेत्र सहायक तोरा, परिक्षेत्र सहायक सन्ना, बी. एफ.ओ. कामारिमा, चलनी, धनगुरी एवं बगीचा परिक्षेत्र के वन अमले द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई। वन अमले द्वारा कक्ष क्रमांक पी 303 में पंचों एवं गवाहों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि बोरवेल खनन का कार्य वन भूमि के अंदर अवैध रूप से किया जा रहा था, जिससे वन क्षेत्र एवं जैव विविधता को गंभीर क्षति पहुंचने की संभावना थी। मौके पर कार्य को तत्काल रुकवाया गया तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में वाहन चालक श्री सल्लू राम ग्राम मनोहरपुर एवं श्री गोधन कोमा ग्राम नर्राटोला जिला बालौद द्वारा बताया गया कि यह कार्य श्री राजेश यादव ग्राम दातुनपानी के निर्देश पर किया जा रहा था। साथ ही यह भी बताया गया कि संबंधित वाहनों के मालिक श्री रमेश जायसवाल निवासी बिलाईगढ़ जिला बलौदाबाजार हैं। वन विभाग द्वारा उक्त अवैध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए ट्रक क्रमांक CG22 एएफ 7660 एवं CG22 एएफ 7659 को जब्त किया गया। इस संबंध में वन अपराध के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित हैं तथा इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग जशपुर द्वारा आम जनता से अपील किया गया है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को प्रदान करें।
बगीचा के ग्राम महनई में कुआं निर्माण का किया गया निरीक्षण
अन्य जगह पर की जा रही पानी सुविधा
जशपुरनगर । बगीचा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सार्वजनिक कुओं निर्माण कार्य गरांज ग्राम पंचायत महनई के संबंध में ष्यू-ट्यूब चौनल एवं समाचार-पत्र में प्रकाशित विडीयों एवं खबर ष् दिनांक 25.03.2026 के संबंध में।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत ग्राम पंचायत महनई में सार्वजनिक कुओं निर्माण कार्य, गरांज पहाड़ी कोरवा बस्ती में स्वीकृत हुआ था। उक्त कार्य का ग्राम पंचायत एवं उपरोक्त विषयानुसार शिकायत प्राप्त होने पर दिनांक 25.03.2026 को स्थल का निरीक्षण किया गया जिसका विवरण निम्नानुसार है-
ग्राम पंचायत महनई के गरांज बस्ती में 7-8 पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते है तथा उनका घर एक दूसरे से 300-350 मीटर की दूरी पर स्थित है।
आवेदन अनुसार कुआँ निर्माण का कार्य अरविंद पिता पुरन के निजी भूमि पर काराये जाने का उल्लेख किया गया है जबकि निरीक्षण में कार्य शासकीय भूमि पर गरांज में ही होना पाया गया। तथा निर्माण कार्य के पास एक पहाड़ी कोरवा का घर है। तथा कार्य का जियोटैगिंग भी वही पर किया गया था।
सरपंच एवं उपस्थित ग्रामीणों से चर्चानुसार कुओं निर्माण कार्य को भोगडा पहाडी के घर के पास बनाया जाना उचित होगा करके बताया गया।
निरीक्षण पश्चात कार्य को बंद करा दिया गया है एवं भोगडा पहाडी के घर के पास शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर जानकारी प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है।
दमेरा 700 मीटर के सड़क के लिए प्रशासकीय स्वीकृत प्राप्त होते हुए कार्य शुरू कर दिया जाएगा
जशपुरनगर । लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ढलान वाली 700 मीटर सड़क पर साइड गार्डवॉल नहीं बनाई, चालाक से चूक हुई तो सीधे खाई में गिरेगी गाड़ी के संबंध में जशपुर से दमेरा होकर चराईडांड़ मार्ग में ढलान वाली 700 के संबंध में वर्तमान में सड़क सुरक्षा अंतर्गत गार्डवॉल का प्राक्कलन तैयार प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करने हेतु अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल अंबिकापुर की ओर प्रेषित किया गया है। स्वीकृति प्राप्त होने उपरांत कार्य प्रारंभ कर निश्चित समयावधि में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा एवं बजट वर्ष 2026-27 में जिला जशपुर के भागलपुर चौक दमेरा चराईड़ाड़ मार्ग का उन्नयन मजबूतीकरण कार्य मार्ग लम्बाई 14.80 कि.मी. के नाम से सम्मिलित होने के कारण प्राक्कलन सड़क सुरक्षा को भी सम्मिलित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का बगिया आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे। मुख्यमंत्री साय के आगमन पर बगिया हेलीपैड में आमजनों सहित अधिकारी कर्मचारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशिकुमार सहित सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
हाथियों के बीच फंसे बुजुर्गों को वन विभाग ने बचाया
पत्थलगांव परिक्षेत्र में 11 हाथियों के दल के बीच साहसिक रेस्क्यू, जनहानि टली
जशपुरनगर । जशपुर वनमण्डल के परिक्षेत्र पत्थलगांव अंतर्गत ग्राम तिलडेगा क्षेत्र में हाथियों के दल के विचरण के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें वन विभाग की तत्परता से दो बुजुर्गों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।डीएफओ जशपुर शशिकुमार ने बताया कि 24 मार्च 2026 की दरम्यानी रात को 11 हाथियों का एक दल कक्ष क्रमांक पी.एफ. 959 नंदन झरिया क्षेत्र में सारसमार एवं नंदन झरिया होते हुए तिलडेगा बस्ती के समीप पहुँच गया। इस दौरान हाथियों ने तिलडेगा भदरापारा निवासी जय कुमार नाग (40 वर्ष) के खेत में बने आवासीय घर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। उस समय घर के अंदर उनके माता-पिता बितन नाग (65 वर्ष) एवं श्रीमती राजमति नाग (60 वर्ष) मौजूद थे। हाथियों की आहट सुनकर जय कुमार नाग किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचे और तुरंत वन विभाग के गश्ती दल एवं रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँच कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। बी.एफ.ओ. दिनेश कुमार (बाला झर), बी.एफ.ओ. श्रीमती अनिता तेन्दुआ (तमता), आरआरटी सदस्य राम बिलास नाग, रविशंकर पैंकरा एवं रमेश पैंकरा तथा वाहन चालक पियारू लकड़ा ने समन्वित प्रयास करते हुए हाथियों को सुरक्षित रूप से खदेड़ा।
काफी प्रयासों के बाद टीम ने घर के भीतर फंसे बुजुर्ग दंपत्ति का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें शासकीय वाहन से सुरक्षित गांव में पहुंचाया। इस साहसिक एवं त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लगातार निगरानी में है हाथियों का दल -
वर्तमान में 11 हाथियों का यह दल तिलडेगा क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए सुखरापारा परिसर के कक्ष क्रमांक आर.एफ. 958 में विचरण कर रहा है। वन विभाग द्वारा दल की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, विशेषकर रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। वन विभाग जशपुर द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।
महिलाओं के आत्मनिर्भरता हेतु कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन
150 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण, दिव्यांग महिलाएं भी रहीं शामिल
जशपुरनगर, 24 मार्च 2026


महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम, रायपुर द्वारा महावीर इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से मंगल भवन कुनकुरी में विगत दिवस कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। दो दिनों तक चले इस कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित कर उन्हें आय अर्जन के लिए सक्षम बनाना था, ताकि वे अपने परिवार की आर्थिक धुरी बन सकें। कार्यशाला में कुल 150 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 25 दिव्यांग महिलाएं भी शामिल थीं। प्रतिभागियों को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें हर्बल साबुन निर्माण, रिबन माला एवं गजरा बनाना, चॉकलेट निर्माण, मोमबत्ती बनाना, गोबर से निर्मित उत्पाद राखी, धूप कप, दीया तोरण, बोतल आर्ट, जैस्मिन आर्ट, झाड़ू एवं पोछा निर्माण तथा फिनाइल बनाना शामिल था।

कार्यशाला के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगामी माह से रायपुर में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अपने संबोधन में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार की गई सामग्री एवं उनके कौशल की सराहना की। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन किया तथा स्वयं भी सामग्री क्रय कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सर्किट हाउस में अध्यक्ष एवं कलेक्टर के बीच दिव्यांगजनों के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई।
ऋण की पूर्ण अदायगी करने वाले 38 दिव्यांगजन सम्मानित
जिले में वित्त एवं विकास निगम द्वारा पूर्व में प्रदान किए गए ऋण की पूर्ण अदायगी करने वाले 38 दिव्यांगजनों को साल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के निज सहायक श्री तुलसी कौशिक, सलाहकार श्री राजेश तिवारी, प्रबंधक श्री पंकज वर्मा, श्री भरत सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती पिंकी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री धर्मेंद्र कुमार साहू द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट का परीक्षा 2025-26 का परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई
गोबरीपाट - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट का परीक्षा 2025-26 का परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई। डीएवी बोर्ड कक्षा आठवीं के लिए बोर्ड परीक्षा का आयोजन करती है। जिसमें डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट से 100 प्रतिशत छात्र छात्राओं ने भाग लिया था। जिसका परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं ने अपना परीक्षा परिणाम प्राप्त किया। जिसमे प्रथम स्थान पर शुभी पाठक, द्वितीय स्थान पर दामिनी प्रजापति और तृतीय स्थान पर कनिष्का मशराम रहे ।अपना प्रगति पत्र प्राप्त करने के बाद अभिभावक एवं विद्यार्थी प्रसन्न नजर आए। अप्रैल 2026 से उन छात्र-छात्राओं की कक्षाएं शुरू होगी। प्राचार्य अमित कुमार ने कक्षा आठवीं का परीक्षा परिणाम देखकर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि आकाश की कोई सीमा नहीं होती, आने वाले वर्ष में और भी उत्कृष्टतम परिणाम देने के लिए हमें परिश्रम करते रहना होगा। अन्य कक्षाओं विशेष कर 10वीं,11वीं और 12वीं कक्षा के लिए शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को लगातार उन बच्चों के साथ लगा रहना होगा। अधिक अंक प्राप्त कराने के लिए उन्हें परिश्रम के साथ-साथ दिशा निर्देश देते रहना होगा। यह हम लोगों का पहला उद्देश्य होना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि हमारे विद्यालय में 2026-27 नए प्रवेश प्रारंभ हो चुकी है ।
विशेष आलेख : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में लिखी जा रही है विकास की नई गाथा
पीएमजीएसवाई अंतर्गत 126 करोड़ की लागत से 42 सड़कों का होगा निर्माण, निविदा प्रक्रिया जारी
सुदृढ़ होगा संपर्क, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी विकास की रोशनी
जशपुरनगर, 17 मार्च 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप जशपुर जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार ठोस पहल की जा रही है इसके परिणामस्वरूप आने वाले समय में जिला विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते दो वर्षों से अधिक के कार्यकाल में आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से धरातल पर दिखाई देने लगा है। जिले के गांवों से लेकर शहरों तक सड़कों, पुलों और पुलियों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिससे आवागमन सुविधाजनक और सुरक्षित बन रहा है।
इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में 42 नई सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों का निर्माण 126 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। वर्तमान में सभी सड़कों की निविदा प्रक्रिया जारी कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। स्वीकृत सड़कों में जशपुर विकासखंड में 5 सड़कें, मनोरा विकासखंड में 7 सड़कें, दुलदुला विकासखंड में 7 सड़कें, कुनकुरी विकासखंड में 13 सड़कें तथा फरसाबहार विकासखंड में 10 सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नेतृत्व में सड़कों और पुल-पुलिया के निर्माण से बदल रही है जिले की तस्वीर
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी विकास की रोशनी पहुँच रही है। लगातार सड़कों, पुलों और पुलियाओं को मिल रही स्वीकृति तथा उनके निर्माण से न केवल आवागमन सुगम हो रहा है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण कृषि उत्पादों का परिवहन आसान हो रहा है, जिससे किसानों को अपने उत्पाद समय पर बाजार तक पहुँचाने में सुविधा मिल रही है। साथ ही निर्माण कार्यों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हो रही है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों तक पहुँचना अधिक सरल हो रहा है। बेहतर संपर्क मार्गों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं तक भी लोगों की पहुँच आसान हो रही है और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुँचाने में मदद मिल रही है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में निवास कर रहे विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को भी इन सड़कों से विशेष लाभ मिल रहा है। सड़कों के निर्माण से इन समुदायों का संपर्क विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, मंडियों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुदृढ़ हो रहा है। इससे उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
जिले में सड़कों के व्यापक विस्तार से न केवल आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हुआ है, बल्कि इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। इन विकास कार्यों के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है और इसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
जनदर्शन में आए मामलों का समयबद्ध निराकरण करें : कलेक्टर व्यास
जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में जिला प्रशासन जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। प्रत्येक सोमवार को कलेक्टरेट कार्यालय में आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के उद्देश्य से जनदर्शन का आयोजन किया जाता है, ताकि लोगों को त्वरित एवं प्रभावी राहत मिल सके। जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कलेक्टर व्यास ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी मांगों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में आज कलेक्टोरेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर रोहित व्यास ने स्वयं आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर व्यास ने यह भी कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर बल दिया। आज के जनदर्शन में 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्व से संबंधित प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन शामिल हैं।
संघर्ष से सफलता तक: कुनकुरी की नेहा खाखा बनीं नवगुरुकुल की प्रेरक पहचान
जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवगुरुकुल से मिली दिशा
फाइनेंस जूनियर एसोसिएट के रूप में कार्य कर बनी आत्मनिर्भर
जशपुरनगर, 17 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन जशपुर द्वारा संचालित नवगुरुकुल संस्थान ग्रामीण एवं सामान्य पृष्ठभूमि के युवाओं को आधुनिक कौशल से सुसज्जित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रहा है। यह पहल न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है, बल्कि जिले के युवाओं को आत्मविश्वास के साथ भविष्य निर्माण की ओर अग्रसर कर रही है। इसी नवाचारपूर्ण पहल का सशक्त उदाहरण हैं कुनकुरी की नेहा खाखा। वर्तमान में नेहा नवगुरुकुल में फाइनेंस जूनियर एसोसिएट टीम में ग्रोथ रोल पर कार्यरत हैं, जहाँ उन्हें 2.52 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्राप्त हो रहा है। अपनी भूमिका में वे अन्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करती हैं, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करती हैं और उनकी शैक्षणिक प्रगति में सहयोग प्रदान करती हैं। नेहा का कहना है कि नवगुरुकुल ने उन्हें केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया है। यहाँ का सहायक और प्रेरक वातावरण उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ है।
आत्मविश्वास से भरी नई उड़ान
नेहा बताती हैं कि उनके पिता के निधन पश्चात उनकी माता श्रीमती ललिता खाखा परिवार की जिम्मेदारियाँ संभाल रही हैं। सीमित संसाधनों और पारिवारिक चुनौतियों के बीच नेहा ने शिक्षा को अपनी ताकत बनाया। उन्होंने डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, कांसाबेल से उच्च माध्यमिक शिक्षा पूर्ण की। नवगुरुकुल के बारे में उन्हें अपनी माता से जानकारी मिली। तत्पश्चात उन्होंने स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, मनोरा में आयोजित एक सेमिनार में भाग लेकर संस्थान के लर्निंग मॉडल को समझा। प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने नवगुरुकुल, जशपुर में अध्ययन प्रारंभ किया। नेहा ने नवगुरुकुल में स्कूल ऑफ फाइनेंस का चयन किया। एक वर्ष के अध्ययन के दौरान उन्होंने वित्तीय विवरण, मैनेजमेंट अकाउंटिंग, कॉस्ट अकाउंटिंग तथा टैली में दक्षता प्राप्त की। साथ ही संचार कौशल, टीम वर्क और समस्या समाधान जैसे सॉफ्ट स्किल्स में भी उल्लेखनीय सुधार किया। इसके परिणाम स्वरूप उन्हें नवगुरुकुल में ही जॉब मिल गया। जहाँ वे अपनी शिक्षा जारी रखते हुए रोजगार भी प्राप्त कर रही है। वे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी, कुनकुरी से स्नातक शिक्षा भी पूर्ण कर रही हैं।
नवगुरुकुल: कौशल विकास का सशक्त मंच
जिला प्रशासन जशपुर द्वारा संचालित नवगुरुकुल संस्थान जिले के युवाओं एवं छात्राओं के लिए कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। यहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन एवं अनुशासित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। संस्थान में प्रोग्रामिंग, बिजनेस एवं फाइनेंस जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों के साथ जीवन कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी रोजगारोन्मुखी बनते हैं। नेहा खाखा की यह कहानी दर्शाती है कि समर्पित प्रयास, उचित मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग मिलने पर ग्रामीण अंचल की बेटियाँ भी आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयाँ छू सकती हैं। नवगुरुकुल जैसी पहलें जशपुर जिले को कौशल संपन्न और सशक्त युवाओं की नई पहचान दे रही हैं।
बिहान अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के लिए बैंक मेला आयोजित
जनपद पंचायत कार्यालयों में 18 से 27 फरवरी तक अलग-अलग तिथियों में होगा बैंक मेला आयोजन
जशपुरनगर, 16 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में गठित एवं पुनर्गठित स्व-सहायता समूहों की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज तथा मुद्रा लोन वितरण की प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में बैंक मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैंक मेला का आयोजन जशपुर जनपद पंचायत कार्यालय में 18 फरवरी को, मनोरा जनपद पंचायत कार्यालय में 18 फरवरी को, कुनकुरी जनपद पंचायत कार्यालय में 19 फरवरी को, पत्थलगांव जनपद पंचायत कार्यालय में 20 फरवरी को, दुलदुला जनपद पंचायत कार्यालय में 23 फरवरी को, कांसाबेल जनपद पंचायत कार्यालय में 25 फरवरी को, बगीचा जनपद पंचायत कार्यालय में 26 फरवरी को तथा फरसाबहार जनपद पंचायत कार्यालय में 27 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
राज्य कार्यालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 में जशपुर जिले के लिए कुल 5,085 स्व-सहायता समूहों को 14,847.56 लाख रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक विकासखंडों के माध्यम से 4,005 स्व-सहायता समूहों को 7,044.82 लाख रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो वार्षिक लक्ष्य का 78.76 प्रतिशत है। इसके अतिरिक्त, गठित स्व-सहायता समूहों के पात्र सदस्यों को व्यक्तिगत आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु बैंकों के माध्यम से वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से समूहों की आर्थिक सशक्तता बढ़ेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
नवगुरूकुल से साकार हो रहे युवाओं के सपने
जशपुर की नेहारिका और नीलम ने हासिल की रोजगार व आत्मनिर्भरता की नई पहचान
जशपुर, 29 जनवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी दिशा में जशपुर जिले में संचालित नवगुरूकुल युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहा है। नवगुरूकुल से प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले की बेटियां आज न केवल रोजगार प्राप्त कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की मिसाल भी बन रही हैं।
नेहारिका को मिला मनपसंद रोजगार
जशपुर की नेहारिका लकड़ा, जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से पूरी की, नवगुरूकुल जशपुर कैंपस से प्रोग्रामिंग कोर्स कर आज आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। किसान पिता और रसोइया के रूप में कार्यरत माता के सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाली नेहारिका को नवगुरूकुल की जानकारी स्कूल शिक्षकों के माध्यम से मिली।
नवगुरूकुल में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ लीडरशिप, प्रोफेशनल व्यवहार, अंग्रेज़ी संचार और आत्मविश्वास जैसे जीवन कौशल भी सीखे। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद नेहारिका को Kingdom of Chess में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के रूप में पहला रोजगार मिला। वर्तमान में वे KPS (Kusmi Public School) में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। नेहारिका का कहना है कि नवगुरूकुल ने उन्हें केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और सही दिशा भी दी।
नवगुरूकुल से नीलम को मिला उच्च वेतन वाला अवसर
जशपुर जिले की ही नीलम यादव की कहानी भी नवगुरूकुल की सफलता को दर्शाती है। नीलम ने अपनी स्कूली शिक्षा जशपुर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों से पूरी की। नवगुरूकुल के बारे में उन्हें स्कूल में आयोजित सेमिनार और स्वामी आत्मानंद स्कूल में हुए कार्यक्रम के माध्यम से जानकारी मिली।
नवगुरूकुल जशपुर कैंपस में प्रवेश के बाद नीलम ने डेटा एनालिटिक्स और बेसिक अकाउंटिंग के साथ-साथ अंग्रेज़ी संचार, लाइफ स्किल्स और सॉफ्ट स्किल्स में दक्षता हासिल की। प्रशिक्षण के एक वर्ष के भीतर ही उन्हें उमाश्री टेक्सप्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर रोजगार मिला। नवगुरूकुल से मिली शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर नीलम ने अपने जीवन को नई दिशा दी है।
युवाओं के लिए अवसरों का केंद्र बन रहा नवगुरूकुल
नेहारिका और नीलम की सफलता यह दर्शाती है कि नवगुरूकुल न केवल तकनीकी और शैक्षणिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी अंचल के युवाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में कौशल विकास और रोजगार आधारित पहलें युवाओं के सपनों को साकार कर रही हैं। नवगुरूकुल जैसे प्रयास जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
जशपुर में दंतैल का उत्पात, दो दिनों में 8 घर तोड़े, गांव में दहशत
जशपुर - जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर बात यह है कि जंगली हाथी ने दो दिनों के भीतर 8 घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी की रात हाथी ने नारायणपुर गांव में चार घरों को तोड़ दिया। इस दौरान घरों में रखे टीवी सहित अन्य घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद मंगलवार रात हाथी ने सुसडेगा गांव में चार और घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने घरों में रखा धान भी खा लिया।घटना के समय घर के अंदर सो रही मां और बेटी हाथी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। ग्रामीणों के अनुसार, अचानक हाथी के गांव में घुसने से लोगों में दहशत फैल गई।वन विभाग मौके पर पहुंचा, ग्रामीणों को किया गया सुरक्षित
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने हाथी प्रभावित क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और इलाके को खाली कराया। वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, रात के समय बाहर न निकलने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी, जनवरी 2026 में धमतरी में होगी भर्ती
जशपुरनगर - छत्तीसगढ़ में जनवरी 2026 में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना द्वारा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे।
इस भर्ती रैली के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे।सेना भर्ती कार्यालय द्वारा रैली में सम्मिलित होने वाले योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www-joinindianarmy-nic-in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता एवं प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं प्रलोभन देने वालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मयाली में एटीवी राइडिंग, स्पीड बोटिंग, कायकिंग व क्रिकेट के साथ इको-टूरिज़्म का अनूठा उत्सव
जशपुरनगर - नया साल 2026 के पावन अवसर पर जशपुर वनमण्डल द्वारा मयाली नेचर कैम्प में पर्यटकों के लिए रोमांचक एडवेंचर एवं इको-टूरिज़्म गतिविधियों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वन विभाग द्वारा वन प्रबंधन समितियों के सहयोग से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल तथा प्रकृति के बीच यादगार अनुभव प्रदान करना है। घने वनों, शांत जलाशय और हरियाली से आच्छादित मयाली नेचर कैम्प में इस नववर्ष पर साहसिक गतिविधियों की विशेष श्रृंखला तैयार की गई है। यहाँ आने वाले पर्यटक स्पीड बोटिंग, कायकिंग, एटीवी राइडिंग तथा क्रिकेट जैसी रोमांचक गतिविधियों का आनंद उठा सकेंगे। इन सभी गतिविधियों के लिए नाममात्र शुल्क मात्र 100 रुपये प्रति गतिविधि निर्धारित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का हिस्सा बन सकें।
वनमण्डलाधिकारी जशपुर वनमण्डल शशि कुमार ने बताया कि सभी गतिविधियाँ प्रशिक्षित कर्मियों की निगरानी में एवं पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ संचालित की जाएंगी। इससे पर्यटकों को न केवल रोमांच का अनुभव मिलेगा, बल्कि वे पूरी तरह सुरक्षित माहौल में प्रकृति के करीब समय भी बिता सकेंगे। मयाली नेचर कैम्प का यह आयोजन इको-टूरिज़्म को बढ़ावा देने, स्थानीय वन समितियों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा जिले के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह स्थान उन लोगों के लिए आदर्श है जो नए साल का स्वागत प्राकृतिक सौंदर्य, रोमांच और सुकून के संग करना चाहते हैं। वन विभाग जशपुर द्वारा सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की गई है कि वे नववर्ष के अवसर पर अपने परिवार एवं मित्रों के साथ मयाली नेचर कैम्प में पधारें। इन आकर्षक गतिविधियों का भरपूर आनंद लें तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
कलेक्टर ने यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत ली प्राचार्यों की समीक्षा बैठक
शासकीय कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
जशपुरनगर 02 जनवरी 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत् आज जिला पंचायत सभाकक्ष में सभी बीईओ,एबीईओ और जिले के समस्त शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने छमाही परीक्षा परिणामों, बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम के लक्ष्य, कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा मेरिट में आने वाले छात्रों के लिए विशेष रणनीति, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं विद्यालयों की सतत मॉनिटरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही शासकीय विद्यालयों के इनऑपरेटिव बैंक खातों तथा अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर व्यास ने खराब परीक्षा परिणामों एवं अध्यापन कार्य में लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्यों को अपेक्षित शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय के निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा विद्यालयों में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालकों से नियमित संपर्क स्थापित करने के कार्य को पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुशासनहीनता बरतने, शासकीय कार्य में लापरवाही और खराब परीक्षा परिणाम पर हायर सेकेंडरी तपकरा, हायर सेकेंडरी सिमडा ,इंदिरा गांधी कन्या हायर सेकेंडरी पत्थलगांव और सेजेस कुनकुरी के प्राचार्यों को शो-काज नोटिस जारी करने निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड के शत् प्रतिशत परीक्षा परिणाम के दृष्टिकोण से विभिन्न बिंदुओं पर बात की। उन्होंने आगामी प्री बोर्ड और बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट के आधार पर अध्यापन, अंकों के अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास, सूक्ष्मता से मूल्यांकन और सुधारात्मक टीप सहित प्रत्येक दिवस तीन-तीन विषयों के डेढ़ घंटे के कालखंड के विषय में जानकारी दी। बैठक में सांख्यिकी अधिकारी किशोर केरकेट्टा, यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा,अवनीश पांडेय सहित समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।