छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनहितकारी पहल से हो रहा साकार

कवर्धा, 13 मई 2025। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रारंभ सुशासन तिहार अभियान के अंतर्गत जिला कबीरधाम में नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह अभियान शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही को मजबूत आधार प्रदान कर रहा है। इस अभियान के तहत जिला कबीरधाम के विभिन्न ग्रामों में पेयजल संकट की समस्या को प्राथमिकता से सुलझाया गया है।
     
इसी क्रम में विकासखण्ड कवर्धा के ग्राम चारडोंगरी में बंद पड़े हैंडपंप की शिकायत प्राप्त हुई थी। जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पीएचई विभाग द्वारा तत्परता से सुधार कार्य किया गया। अब यह हैंडपंप पूरी तरह चालू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। इसी प्रकार, ग्राम सिंघनपुरी में निवासी श्री सुरेंद्र ध्रुव द्वारा बंद हैंडपंप के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। शिकायत मिलते ही प्रशासन ने मौके पर तकनीकी टीम भेजकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया और हैंडपंप को पुनः चालू स्थिति में लाया गया। विकासखण्ड कवर्धा के ग्राम मथानिकाला में भी श्री राजेंद्र द्वारा हैंडपंप खराब होने की शिकायत की गई थी। संबंधित विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सुधार कार्य पूरा किया और अब ग्रामवासी बिना किसी बाधा के जल सुविधा का लाभ ले पा रहे हैं।
   
 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ किए गए सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, जहां समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। यह अभियान राज्य में पारदर्शी और उत्तरदायी शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला कबीरधाम में नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह अभियान शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही को मजबूत आधार प्रदान कर रहा है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image