बालोद जिले में दो दिन के भीतर दो युवकों ने की आत्महत्या, नशे की लत बनी चिंता का कारण
बालोद |
2025-07-14 11:03:43
बालोद जिले में दो दिन के भीतर दो युवकों ने की आत्महत्या, नशे की लत बनी चिंता का कारण
बालोद। जिले में लगातार आत्महत्या की घटनाएं सामने आना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। बीते दो दिनों में जिले के अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इन घटनाओं की वजहें अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार नशे की लत और पारिवारिक विवाद इन मामलों के पीछे मुख्य कारण माने जा रहे हैं।
ताजा मामला अर्जुदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसवानी का है, जहां सोमवार सुबह गांव के शीतला मंदिर में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान कमलेश मंडावी के रूप में हुई है, जो परसवानी गांव का ही निवासी था। जानकारी के अनुसार, कमलेश लंबे समय से शराब और गांजे के नशे का आदी था। बताया जा रहा है कि रविवार को उसने शराब और गांजा खरीदने के लिए घर का आधा बोरी चावल अर्जुदा में बेच दिया था। इसके बाद वह शराब पीकर घर लौटा, जहां किसी बात को लेकर उसका परिजनों से विवाद हो गया। रात को खाना खाने के बाद वह घर से बाहर चला गया और वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने सोचा कि वह रोज की तरह देर रात लौट आएगा, लेकिन सुबह जब गांव के बैगा पूखन मंडावी पूजा के लिए शीतला मंदिर पहुंचे, तो मंदिर के मुख्य गेट के सामने रस्सी से लटका शव देखकर सभी दंग रह गए। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
इसी तरह, रविवार को जिले के बनगांव (मालीघोरी) में भी आत्महत्या का मामला सामने आया। यहां 19 वर्षीय युवक लोकेन्द्र उर्फ पप्पू ठाकुर ने खेत के मेड के पास एक पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, लोकेन्द्र कुछ समय से घर से बाहर रह रहा था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया है।
इन दोनों घटनाओं ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत और पारिवारिक तनाव ऐसे कदम उठाने के पीछे बड़ा कारण बन रहे हैं। समाज सेवियों और प्रशासन ने युवाओं को नशे से दूर रहने और मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार व मित्रों से संवाद करने की अपील की है।