बीजापुर में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर
बीजापुर । जिले के तारलागुड़ा थाना क्षेत्र के अन्नारम और मर्रीमल्ला के घने जंगलों में बुधवार सुबह पुलिस और माओवादियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन माओवादी मारे गए हैं। मौके से पुलिस ने हथियार और गोला-बारूद सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ माओवादियों की मद्देड़ एरिया कमेटी से हुई।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने माओवादियों को चारों ओर से घेर लिया था, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हुई।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान अभी जारी है और इलाके में कई पुलिस टीमें सर्च ऑपरेशन में लगी हैं। उन्होंने कहा कि मारे गए माओवादियों की आधिकारिक पुष्टि अभियान समाप्त होने के बाद की जाएगी।
सुरक्षा बलों की टीमें फिलहाल जंगल के अंदर सघन सर्चिंग कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि माओवादियों के हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है।