छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार

कलेक्टर ने छेरकापुर में ग्राम सभा का किया अवलोकन

 ’अटल डिजिटल केंद्र व आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण’

बलौदाबाजार, 20 मार्च 2026

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत छेरकापुर में आयोजित विशेष ग्राम सभा का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों को विभिन्न विकास कार्यों के साथ ही जल संरक्षण हेतु प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर श्री शर्मा ने सरपंच से जानकारी ली कि मोर गांव मोर पानी अभियान अंतर्गत कितने मकानों व हैंडपम्प के पास सोखता गड्ढा का निर्माण किया है। मनरेगा अंतर्गत एक्टिव जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि की जानकारी ली। सरपंच ने बताया कि  50 से अधिक घरों के पास सोखता गड्ढा का निर्माण किया गया है और शेष में भी बनाया जा रहा है।  

कलेक्टर ने इसके पश्चात अटल डिजिटल सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में उपलब सुविधाओं और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जानकारी ली और सभी सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को देने के निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 5 का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों से चार्ट पर बने फलो व जानवरो के नाम व रंग पूछे। इस दौरान बच्चों ने खरगोश और कछुए की कहानी सुनाई। कलेक्टर ने पूछा कि खरगोश तेज दौड़ता है फिर भी दौड़ में क्यों हार गया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि काम शुरू करने के बाद रुकना नहीं चाहिए नहीं तो काम सफल नहीं होता।खरगोश दौड़ में आराम करने रुक गया इसलिये हार गया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता चित्ररेखा बारले से कुपोषित बच्चों की संख्या, पोषण ट्रेकर, भोजन की गुणवत्ता आदि की जानकारी ली। उन्होंने तीनो कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने और उनके माता पिता को पोषण के बारे में बताने कहा।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम दीपक निकुंज, सीएमएचओ डॉ राजेश अवस्थी, डीपीओ अतुल परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image