शासकीय सड़क पर अवैध बोर खनन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन साँकरा
रायपुर |
2026-03-31 07:28:39
शासकीय सड़क पर अवैध बोर खनन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
साँकरा (धनेली)। ग्राम पंचायत साँकरा के वार्ड क्रमांक 19 में शासकीय सड़क के बीचों-बीच अवैध रूप से बोर खनन किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर राजू सायतोड़े के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय सड़क पर इस प्रकार का अवैध खनन न केवल सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है, बल्कि आम जनता के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा है और सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन गया है। सड़क के बीचों-बीच बोर खनन से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पीतांबर चेलक, अनिल गाहरे, राजेश मनहर, सौरभ सायतोड़े और रोहन सायतोड़े सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों एवं उनके सहयोगियों की भूमिका हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उनका कहना है कि यदि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ही नियमों की अनदेखी करेंगे, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।