छत्तीसगढ़ / बालोद

बालोद में बड़ा हादसा: मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत

 बालोद । बालोद जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई। घटना राजहरा नगर के दास पान ठेला चौक के पास हुई, जहां बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। छह मजदूर गड्ढे के भीतर काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और सभी मजदूर उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर पालिका और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन मजदूरों की मिट्टी में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और महिला मजदूर बैशाखिन के रूप में हुई है।

प्रशासन ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

प्रारंभिक जांच में सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image