छत्तीसगढ़ / धमतरी

वन विभाग की टीम पर हमला: 166 अतिक्रमणकारियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी टीम

 धमतरी । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जैतपुरी में वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन अपनी टीम के साथ अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम के गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीण उग्र हो गए। अधिकारियों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और तत्काल सिहावा पुलिस को सूचना दी।

वन विभाग की हालिया ड्रोन जांच में बड़ा खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि पिछले 15 वर्षों में करीब 1 लाख पेड़ों की अवैध कटाई कर 106 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा किया गया है। यह इलाका सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर जोन और महानदी कैचमेंट क्षेत्र में आता है।

जांच में यह भी पाया गया कि वर्ष 2011 में जहां 45 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण था, वह बढ़कर अब 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया। पहले जहां प्रति हेक्टेयर करीब 1000 पेड़ मौजूद थे, अब यह संख्या घटकर 25 से 50 तक रह गई है। ग्रामीणों द्वारा खेती के लिए बड़े पैमाने पर जंगल साफ किए जाने की बात सामने आई है।

वन विभाग ने मामले में 166 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर बेदखली नोटिस जारी किए थे। कार्रवाई तेज करने के लिए टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन विरोध हिंसक हो गया।

उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में टीम वहां से निकली और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image