छत्तीसगढ़ / सरगुजा

योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का मार्गः ग्राम सखौली में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 अम्बिकापुर 21 जून 2026

ग्राम सखौली में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, अम्बिकापुर द्वारा सरगुजा जिले के विकासखंड अम्बिकापुर अंतर्गत ग्राम सखौली स्थित उच्चतर माध्यमिक शाला में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक दिवसीय विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाला प्राचार्या श्रीमती अनीता कुजूर, संकुल समन्वयक सलीम खान, शिक्षकगण विजयकांत तिवारी, प्रेमशंकर चौधरी, अनवर हुसैन, राजेश यादव, रणवीर केरकेट्टा, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शाला प्राचार्या श्रीमती अनीता कुजूर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर और मस्तिष्क को संतुलित कर प्रकृति से जुड़ने का सबसे सुरक्षित माध्यम है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि तनाव एवं चिंता को कम कर मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है। केन्द्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी हिमांशु सोनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली प्रदान करता है। योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक दोनों प्रकार की समस्याओं से मुक्ति पाने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, पवनमुक्तासन, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार तथा हलासन सहित विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन एवं अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्न मंच एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image