छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

मोदी सरकार के 12 वर्ष: विकास की उपलब्धियां लेकर पहुंचीं सांसद रूपकुमारी चौधरी,महिलाओं से संवाद कर गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलताएं,कहा— सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत का नया युग शुरू हुआ

राधेश्याम सोनवानी,

गरियाबंद :-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर नागरिकों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों की जानकारी दे रहे हैं।

इसी कड़ी में गरियाबंद प्रवास के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने रावणभाटा स्थित संतोषी मंदिर क्षेत्र एवं वार्ड क्रमांक-1 के घरों में जाकर महिलाओं से संवाद किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं आयुष्मान भारत योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है।

उन्होंने डिजिटल इंडिया और यूपीआई जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत डिजिटल भुगतान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। इसके साथ ही राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक विकास कार्यों ने देश की गौरवशाली विरासत को नई पहचान दिलाई है।

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आधुनिक एक्सप्रेसवे, सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई गति दी गई है। वहीं ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों ने देश की आर्थिक क्षमता को मजबूत किया है।

इस दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी ने उपस्थित महिलाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने में समाज के जागरूक नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है तथा विकास की यह यात्रा जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image