छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

गरियाबंद पुलिस की पहल "मिशन जन मित्र" के तहत ग्राम चिखली में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

राधेश्याम सोनवानी,

गरियाबंद :- गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन में गरियाबंद पुलिस की एक नई पहल " *मिशन जन मित्र"* के माध्यम से लोगों को गांव गांव जाकर जन जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज  ग्राम पंचायत हथबाय अंतर्गत ग्राम चिखली में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम चिखली एक छोटा सा गाँव है, जहाँ लगभग 40-45 परिवार निवास करते हैं। यहाँ अधिकांशतः विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के लोग रहते हैं। ग्राम में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पैरीघूमर, जहाँ पर एक स्टाप डेम है।

ग्राम पंचायत हथबाय की सरपंच, गाँव के गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में महिलाएँ तथा बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना था। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए भी घातक सिद्ध होता है। नशे की प्रवृत्ति अनेक अपराधों को जन्म देती है तथा पारिवारिक कलह और बच्चों के मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। ग्रामीणों से अवैध नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।  साइबर अपराधों के संबंध में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें किसी भी प्रकार के लालच, फर्जी लिंक अथवा संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।

यातायात सुरक्षा के विषय में लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाने की समझाइश दी गई। सभी से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को गरियाबंद पुलिस के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। जिन लोगों के पास सोशल मीडिया अकाउंट उपलब्ध थे, उनसे मौके पर ही गरियाबंद पुलिस के आधिकारिक पेज को फॉलो भी करवाया गया।

ग्रामीणों को बताया गया कि पुलिस द्वारा इन माध्यमों के जरिए समय-समय पर महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी जानकारियाँ साझा की जाती हैं, जो आम नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होती हैं।

पुलिस अधिकारियों ने पैरी घूमर  स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा वहाँ छोटे-छोटे व्यवसाय एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने के लिए भी ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया बेरोजगार युवक-युवतियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष रूप से युवतियों को जिला मुख्यालय में संचालित सिलाई, कढ़ाई एवं अन्य कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने की जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए जिला मुख्यालय में संचालित निःशुल्क कोचिंग सुविधाओं का लाभ लेने हेतु भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच आत्मीय संवाद हुआ तथा सभी ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। यह जनजागरूकता कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image