छत्तीसगढ़ / कांकेर

ग्राम सभा का आयोजन 24 से 28 जून तक

 उत्तर बस्तर कांकेर, 23 जून 2026

कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में 24 से 28 जून तक ग्राम सभा का आयोजन करने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर ग्राम सभा का आयोजन किया जावे। एक ही तिथि में ग्राम पंचायत के एक से अधिक गांव में ग्राम सभा का आयोजन न किया जाए। इस प्रकार की व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्राम सभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्राम सभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा।
     कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने ग्राम सभा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए जिले के सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए ग्राम सभा आयोजन की जानकारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक पदाधिकारी सरपंच तथा पंचों को दी जाए, जो अपने क्षेत्र के सदस्यों को ग्राम सभा में उपस्थित कराने के लिए उत्तरदायी होंगे। ग्राम पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा व मुनादी कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। ग्रामसभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के बाद लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्राम सभा निर्णय’’ (GS NIRNAY) मोबाईल एप में अपलोड कराएं। ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल
https://meetingonline.gov.in/ एवंGPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के लिए निर्देशित किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image