मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे चार आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित 10 मवेशी जब्त
कबीरधाम |
2026-09-02 18:25:42
पंडरिया पुलिस की कार्रवाई, 3.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद; वर्ष 2026 में अब तक 14 मामलों में 40 आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध पशु परिवहन एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना पंडरिया पुलिस ने मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मवेशियों को सुरक्षित बरामद करने के साथ ही करीब 3.50 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3.70 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंडरिया अजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध पशु परिवहन एवं पशु क्रूरता के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
संदिग्ध पिकअप को रोककर हुई जांच
दिनांक 1 सितंबर 2026 को करीब रात 1:30 बजे ग्राम नरसिंहपुर कला में बिरेन्द्र जांगड़े की दुकान के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-09-JS-4877 को रोककर जांच की। वाहन की जांच करने पर उसमें 10 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर तथा बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जाना पाया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 10 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने अनिल पिता प्रताप कुर्रे (30 वर्ष), निवासी सोनपुरी, थाना पंडरिया, लेखराज पिता गोपालीराम महिलांगे (38 वर्ष), बलदाऊ पिता रामप्रसाद चंद्राकर (45 वर्ष) तथा अजय पिता लखन चंद्राकर (23 वर्ष), तीनों निवासी बांधा, को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
3.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस कार्रवाई में 10 मवेशी, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये, तथा पिकअप वाहन क्रमांक CG-09-JS-4877, जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है, जब्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल करीब 3.70 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
2026 में अब तक 14 मामलों में बड़ी कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक अवैध गौ-तस्करी एवं पशु परिवहन के खिलाफ 14 प्रकरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में पुलिस ने 8 वाहनों को जब्त करते हुए 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई के दौरान 137 गौवंश एवं अन्य पशुओं को अवैध तस्करी से बचाया गया है।
पुलिस का कहना है कि गौवंश एवं अन्य पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में अवैध पशु परिवहन और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पशुओं के साथ क्रूरता करने अथवा अवैध परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।