छत्तीसगढ़ / बालोद

बालोद : सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को अमृत सरोवरों में जगमगाएंगे ‘आशीर्वाद के दीये’

 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर को आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय संस्थाओं एवं कार्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में बालोद जिले में भी अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, बालोद द्वारा जारी आदेश के अनुसार 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। आयोजन में एकरूपता, अनुशासन एवं सहभागिता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से सफेद टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में शामिल होने को कहा गया है।

अमृत सरोवरों पर रोशन होगा सेवा और सुशासन का संदेश

‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में शासकीय अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं एवं दीप प्रज्वलन की तैयारी भी संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

अभियान के दौरान अमृत सरोवरों सहित निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश दिया जाएगा। इससे जल संरक्षण जैसे जनहितकारी कार्यों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का संदेश भी दिया जाएगा।

अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, बालोद के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं मैदानी अमले से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की है। ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रतीक बनेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image