ज्वाली नाले की सड़क बदहाल, बड़े-बड़े गड्ढों से राहगीर परेशान
बिलासपुर |
2026-11-19 11:28:43
बैरिकेडिंग के पाइप चोरी और काटे जाने से बढ़ी समस्या, भारी वाहनों व अवैध पार्किंग पर भी उठे सवाल
बिलासपुर। शहर के बीचों-बीच स्थित ज्वाली नाले के ऊपर बनी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की अनदेखी के चलते सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
यह सड़क शहरवासियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। मुख्य मार्गों पर लगने वाले ट्रैफिक और भीड़ से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों के आवागमन के लिए बनाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद यहां चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी लगातार हो रही है।
भारी वाहनों को रोकने के लिए सड़क के बीच लोहे का खंभा लगाया गया था और दोनों ओर लोहे के पाइप से बैरिकेडिंग की गई थी। बताया जा रहा है कि कई बार इन पाइपों की चोरी हो चुकी है। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार डॉ. गिरी के क्लिनिक का पिछला हिस्सा इसी सड़क से लगा हुआ है। आरोप है कि बैरिकेडिंग के पाइप काटकर निजी उपयोग के लिए पीछे का रास्ता बनाया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि नई बिल्डिंग के निर्माण के नाम पर भारी वाहनों को इस रास्ते से आने-जाने दिया जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
इसके अलावा सड़क के किनारे कुछ लोगों द्वारा चारपहिया वाहन खड़े किए जाने से भी आवागमन प्रभावित हो रहा है। इससे सड़क संकरी हो जाती है और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है।
कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क का निरीक्षण कराने और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, बैरिकेडिंग के पाइप चोरी अथवा काटे जाने की जांच तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यहां दुर्घटना की आशंका भी बढ़ सकती है। नागरिकों ने मांग की है कि ज्वाली नाले की इस सड़क को अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और भारी वाहनों से मुक्त कराकर इसकी मूल व्यवस्था बहाल की जाए।