छत्तीसगढ़ / बीजापुर

बस्तर ओलंपिक के लिए आज से होगा पंजीयन शुरू

 
प्रतियोगिता दो आयु वर्ग 14 से 17 वर्ष तथा 17 वर्ष से अधिक आयु समूह में होगा आयोजित

बीजापुर। बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने, उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिमा को निखारने, उन्हें अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने और बस्तर क्षेत्र की जनता का शासन से प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के समस्त जिलों में "बस्तर ओलम्पिक 2024" खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। मूल विभाग, गृह (पुलिस) विभाग आयोजक विभाग होगा तथा खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु खेल एवं युवा कल्याण विभाग नोडल होगा।

इस आयोजन में विकासखण्ड स्तर से लेकर संभाग स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा जिसमें एथलेटिक, तीरंदाजी, बैडमिंटन, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल एवं रस्साकसी आदि खेलों के विभिन्न इवेंट्स शामिल होंगे। यह प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित होंगी। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली सदस्यों को प्रोत्साहित करने हेतु उन्हें सीधे संभाग स्तर पर प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाएगी।

 

बस्तर ओलम्पिक हेतु त्रिस्तरीय आयोजन विकासखण्ड, जिला एवं संभाग स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है, जिसके लिए विकासखण्ड स्तरीय आयोजन की प्रस्तावित तिथि 01 से 10 नवम्बर 2024 के मध्य एक दिवसीय, जिला स्तरीय आयोजन तिथि 10 से 22 नवम्बर 2024 के मध्य अधिकतम 02 दिवसीय एवं संभाग स्तरीय आयोजन संभाग मुख्यालय जगदलपुर में तिथि 25 से 30 नवम्बर 2024 के मध्य 03 दिवसीय आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। आयोजन हेतु विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर आयोजन समिति का गठन जिला के स्तर पर किया जाएगा। तथा संभाग एवं राज्य स्तर पर आयोजन समिति का गठन शासन द्वारा पर किया जावेगा।

 

Leave Your Comment

Click to reload image