नई दिल्ली। कुछ दिन पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने राजस्थान की एक लड़की का गेंदबाजी करते हुए वीडियो शेयर किया था। सचिन ने इस लड़की की जमकर तारीफ की थी और कहा था कि इस लड़की में जहीर खान की झलक है। सचिन ने जहीर को इस पोस्ट में टैग भी किया था। अब लेडी जहीर खान ने खेल मंत्री को अपनी गेंदबाजी का मुरीद बना दिया है। खेल मंत्री इस बच्ची की गेंदबाजी के सामने नतमस्तक हो गए।
इस बच्ची का नाम है सुशीला मीणा। राजस्थान की ये बच्ची बाएं हाथ की तेज गेंदबाज है। 13 साल की इस बच्ची को राजस्थान क्रिकेट संघ ने गोद लिया है और वह आरसीए की निगरानी में ट्रेनिंग कर रही हैं। सुशीला राजस्थान के प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं।
खेल मंत्री को किया बोल्ड
इस बच्ची का सामना राजस्थान सरकार में खेल मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ से हो गया और सुशीला ने अपनी घातक गेंदबाजी से उनको बोल्ड कर दिया। राजवर्धन ने आगे निकलकर गेंद को मारना चाहा लेकिन गेंद उनके पैरों पर थी और इसलिए वह चूक गए। ऐसे में गेंद सीधा स्टम्प पर जाकर लगी और खेल मंत्री बोल्ड हो गए। भारत को एथेंस ओलंपिक-2004 में निशानेबाजी में सिल्वर मेडल दिलाने वाले राजवर्धन ने ये वीडियो अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है, "बिटिया से क्लीन बोल्ड होकर हम सब जीत गए।"
जहीर ने भी की थी तारीफ
सचिन द्वारा वीडियो शेयर करने के बाद सुशीला रातों-रात स्टार बन गई। सचिन को टैलेंट का पारखी कहा जाता है और इसलिए जब वह किसी की तारीफ करते हैं तो फिर ये मान लिया जाता है कि जरूर उसमें कोई खास प्रतिभा है। सचिन ने सुशीली का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था कि इस बच्ची में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर की झलक है। जहीर ने भी माना था सुशील की गेंदबाजी में लय है और उनमें प्रतिभा है। सुशील का एक्शन काफी हद तक जहीर से मिलता है। जहीर भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे और जब स्टम्प के पास आते थे तो लंबी जम्प लेकर अपना हाथ रोककर फिर गेंद करते थे।
कुछ इसी तरह की सुशीला का एक्शन है। वह भी स्टम्प के पास जाकर लंबी जम्प लेती हैं और थोड़ा सा हाथ रोककर फिर गेंद फेंकती हैं।