राशन न मिलने से ग्रामीण परेशान, सुबह से शाम तक करते रहे इंतजार साँकरा
रायपुर |
2026-03-29 21:55:33
राशन न मिलने से ग्रामीण परेशान, सुबह से शाम तक करते रहे इंतजार
साँकरा (धनेली)। शासकीय उचित मूल्य की दुकान साँकरा में राशन वितरण नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह 5:00 बजे से ही राशन लेने दुकान के सामने पहुंच गए, लेकिन शाम 5:00 बजे तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले बीस दिनों से राशन दुकान बंद पड़ी है और अब महीना समाप्त होने को है, फिर भी वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसीवा के गुमा मंडल अध्यक्ष प्रमोद शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चावल वितरण शुरू नहीं किया गया तो खाद्य विभाग का घेराव किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष ने बताया कि जब उन्होंने संबंधित अधिकारी से संपर्क किया, तो उन्हें दोपहर 2:00 बजे से रात 8:00 बजे तक राशन वितरण होने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद दुकान नहीं खुली, जिससे ग्रामीणों को निराश होकर खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
मंडल अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।