छत्तीसगढ़ / रायपुर

धरसीवा में प्रदूषण बेलगाम, मुख्यमंत्री के आगमन से पहले भी उद्योग उगल रहे काला धुआं — जनता हलाकान धरसीवां

 धरसीवा में प्रदूषण बेलगाम, मुख्यमंत्री के आगमन से पहले भी उद्योग उगल रहे काला धुआं — जनता हलाकान

धरसीवां हेमंत कुमार बंजारे
धरसीवा विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले भी कई औद्योगिक इकाइयों की चिमनियां रुक-रुक कर भारी मात्रा में काला धुआं उगलती नजर आ रही हैं, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस मुद्दे को उठाया जाता रहा है।  समय-समय पर औद्योगिक प्रदूषण को लेकर खबरें प्रकाशित की गई हैं, जिसके बाद पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कुछ उद्योगों पर कार्रवाई भी की थी। हालांकि, जमीनी हकीकत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
मंगलवार को सांकरा और सोंडरा के उत्तर दिशा में स्थित नाकोडा इस्पात की इकाई से रुक-रुक कर भारी मात्रा में काला धुआं निकलता देखा गया, जिसे मौके पर मौजूद संवाददाता ने कैमरे में कैद किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाकोडा इस्पात समेत आसपास की अन्य फैक्ट्रियों से दिन में रुक-रुक कर और रात में लगातार जहरीला धुआं निकलता है। इसका असर सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ रहा है। घरों की छतों से लेकर अंदर तक काली धूल की परत जम रही है, वहीं तालाबों के पानी पर भी काला प्रदूषण साफ देखा जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पानी से नहाने पर त्वचा संबंधी समस्याएं, जैसे खुजली, बढ़ रही हैं।
स्थानीय निवासी नेमीचंद निषाद ने बताया कि हाल ही में कुछ फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की खबरें सामने आई थीं, लेकिन उसका कोई ठोस असर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा, “फैक्ट्री है तो कुछ न कुछ प्रदूषण होगा, लेकिन इतना अधिक नहीं कि ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो जाए।”
क्या मुख्यमंत्री के स्वागत में धुआं उगल रही चिमनियां?
धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के कुंवरगढ़ में आयोजित होने वाले कुंवरगढ़ महोत्सव में शामिल होने मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिस तरह उद्योगों की चिमनियों से काला धुआं निकल रहा है, उसे लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह स्थिति प्रशासन और पर्यावरण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image