छत्तीसगढ़ / रायपुर

चालान से बचने खुद ही चुरा ले गया ट्रक, 6 घंटे में आरोपी चालक गिरफ्तार

 रायपुर । यातायात थाना भनपुरी में चालानी कार्रवाई के तहत खड़े किए गए ट्रक की चोरी करने वाले आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान डबलू कुमार यादव (21) के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार का निवासी है।


पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक CG/07/AZ/5831 के नो-एंट्री में प्रवेश करने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे यातायात थाना भनपुरी में खड़ा कराया गया था। चालक द्वारा चालान राशि जमा नहीं करने पर वाहन वहीं रखा गया था।

2 अप्रैल को सूचना मिली कि अज्ञात व्यक्ति उक्त ट्रक को चोरी कर फरार हो गया है। इस पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 194/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी ट्रक लेकर राजनांदगांव की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डोंगरगांव (राजनांदगांव) से पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं ट्रक चालक है और चालान की राशि से बचने के लिए उसने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image