अटल बिहारी वाजपेयी विवि के नए कुलपति बने प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में प्रो. (डॉ.) ललित प्रकाश पटेरिया ने नवनियुक्त कुलपति के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल औपचारिक गरिमा, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
पदभार ग्रहण के बाद अपने संबोधन में प्रो. पटेरिया ने विश्वविद्यालय के भावी विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि छात्रों में जिम्मेदारी, नवाचार और मानवीय संवेदनशीलता का विकास भी जरूरी है।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान को बढ़ावा, प्रशासनिक पारदर्शिता और विद्यार्थियों के समग्र कल्याण को सर्वोच्च स्थान देने की बात कही। साथ ही “एक और एक ग्यारह” की भावना पर जोर देते हुए उन्होंने टीम वर्क और सामूहिक सहभागिता को संस्थान की असली ताकत बताया।
नवनियुक्त कुलपति ने विश्वास जताया कि साझा प्रयासों और संवाद आधारित कार्यसंस्कृति के जरिए विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय पहचान को और मजबूत किया जाएगा।
समारोह के अंत में कुलसचिव डॉ. तारनीश गौतम ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। उपस्थित सभी सदस्यों ने नए कुलपति का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।