राजेन्द्र नगर में बिजली पोल लगाने की मांग तेज, एक माह में समाधान नहीं होने पर घेराव की चेतावनी साँकरा (धनेली)।
रायपुर |
2026-04-07 20:31:16
राजेन्द्र नगर में बिजली पोल लगाने की मांग तेज, एक माह में समाधान नहीं होने पर घेराव की चेतावनी
साँकरा (धनेली)।
राजेन्द्र नगर, वार्ड क्रमांक 1 के निवासियों ने अपने क्षेत्र में बिजली पोल लगाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। इस संबंध में उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता को पत्र सौंपकर जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
निवासियों का कहना है कि घनी आबादी वाले इस मोहल्ले में करीब 100 से 200 मीटर तक एक भी बिजली पोल नहीं है, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरे की स्थिति बनी रहती है। लोग अस्थायी रूप से दूर-दराज से बिजली लाइन खींचकर काम चला रहे हैं, जो काफी खतरनाक है और आए दिन परेशानी का कारण बनता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। अंधेरे के कारण उन्हें पढ़ने में कठिनाई होती है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
इसी मुद्दे को लेकर भनपुरी जोन स्थित बिजली विभाग कार्यालय में वार्डवासियों ने एकत्र होकर अपनी समस्याएं रखीं। युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहन बंजारे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कार्यालय पहुंचे और अधिकारी किशोर कुमार गुप्ता से चर्चा की।
चर्चा के दौरान मोहन बंजारे ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर बिजली पोल नहीं लगाए गए, तो वार्डवासी बिजली विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की सभी गलियों में जल्द से जल्द बिजली पोल लगाने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके।