सांसद आदर्श गांव गिरोद में घंटी फैक्ट्री की धूल से ग्रामीण परेशान साँकरा (धनेली)
रायपुर |
2026-04-11 19:21:31
सांसद आदर्श गांव गिरोद में घंटी फैक्ट्री की धूल से ग्रामीण परेशान
साँकरा (धनेली) सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम गिरोद में इन दिनों ग्रामीणों को घंटी (घंटी निर्माण) फैक्ट्री से निकलने वाली धूल और डस्ट की समस्या से जूझना पड़ रहा है। फैक्ट्री से उड़ने वाली महीन धूल के कारण गांव का वातावरण प्रदूषित हो गया है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से लगातार उड़ने वाली धूल उनके घरों, आंगनों और पानी के स्रोतों तक पहुंच रही है। सुबह से लेकर शाम तक धूल की परत जमने से साफ-सफाई बनाए रखना मुश्किल हो गया है। वहीं बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सांस लेने में परेशानी, खांसी और एलर्जी जैसी समस्याएं होने लगी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों की मांग है कि फैक्ट्री में धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं, जैसे पानी का छिड़काव, उचित फिल्टर सिस्टम और प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही, प्रशासन से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की अपील की गई है।