छत्तीसगढ़ / रायपुर

पीएम सूर्य घर योजना से बने ऊर्जादाता : बिजली बिल से मिली स्थायी राहत

 रायपुर, 13 अप्रैल 2026

केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। सरगुजा जिले के भगवानपुर निवासी संतोष सरकार इस परिवर्तन के उदाहरण हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कर न केवल बिजली बिल से पूर्णतः मुक्ति पाई है, बल्कि अब अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर ग्रिड को आपूर्ति करते हुए ‘ऊर्जादाता’ की भूमिका निभा रहे हैं।
संतोष सरकार ने बताया कि सोलर पैनल स्थापना से पूर्व उन्हें प्रतिमाह 8 से 10 हजार रुपये तक का भारी बिजली बिल वहन करना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर दबाव बना रहता था। योजना का लाभ लेने के पश्चात उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना के अंतर्गत उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जिसमें से केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
संतोष सरकार ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने अन्य लोगों से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image