गोवा में सिल्वर मेडल जीतने पर माधव तांडी का सम्मान सरपंच, रघुनाथ साहू पंच हेमंत बंजारे ने किया श्रीफल-गमछा भेंट
रायपुर |
2026-04-18 07:36:06
साँकरा (धनेली)।
गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इंडियन रैंकिंग सीरीज़ प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले माधव तांडी का ग्राम साँकरा में भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर सरपंच एवं पंच हेमंत बंजारे द्वारा श्रीफल और गमछा भेट दिया
विश्व मय थाई परिषद द्वारा 11 से 12 अप्रैल 2026 तक गोवा के मापुसा स्थित पेडेम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान खिलाड़ी माधव तांडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
सम्मान समारोह के दौरान पंच हेमंत बंजारे ने कहा कि माधव तांडी जैसे युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने लगातार ग्राम विकास, युवाओं के प्रोत्साहन और सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है। हेमंत बंजारे द्वारा क्षेत्र में शिक्षा, खेल एवं सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की ग्रामीणों ने सराहना की। वे समय-समय पर युवाओं को आगे बढ़ाने, खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंद लोगों की मदद करने में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।
माधव तांडी वर्तमान में केयर स्किल फाउंडेशन, धनेली में सेल्फ डिफेंस ट्रेनर के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही वे केंद्र सरकार की रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत पिछले 5 वर्षों से निरंतर प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे अब तक लगभग एक हजार छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो चुके हैं।
अपनी जीत पर माधव तांडी ने कहा कि यह मेडल उन सभी छात्राओं को समर्पित है, जिन्हें उन्होंने आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। उनका उद्देश्य है कि हर बेटी आत्मनिर्भर और निडर बने।
इस अवसर पर निकेश्वर नौरंगे, कमलेश नौरंगे, लक्ष्मण डहरिया सहित ग्रामवासियों ने माधव तांडी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।