पानी टंकी निर्माण में अनियमितता! लाखों की लागत पर सवाल
साँकरा (धनेली)। धरसींवा ब्लॉक के ग्राम साँकरा में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल संरचना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लाखों रुपये की लागत से बनाई गई पानी टंकी में निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, टंकी में पानी भरते ही जगह-जगह से सीपेज शुरू हो जाता है और पानी झरने की तरह बहने लगता है। इससे एक ओर पानी की भारी बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर टंकी के कभी भी क्षतिग्रस्त होकर गिरने की आशंका से ग्रामीणों में डर का माहौल है।
करीब 5000 की आबादी वाले इस गांव में 800 से अधिक नल कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन अधिकांश कनेक्शन बंद पड़े हैं। योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और मनमानी के चलते निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस स्थिति को लेकर गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और टंकी की पुनः निर्माण की मांग की है, ताकि योजना का लाभ सही तरीके से मिल सके।