छत्तीसगढ़ / रायपुर

समय पर नहीं पहुंची 108 और 112, सड़क पर तड़पते रहे दो घायल युवक

 धरसीवाँ विधानसभा में आपातकालीन सेवाओं की सुस्ती पर उठे सवाल

साँकरा (धनेली): रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम साँकरा स्थित जयसवाल निको के सामने दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे लंबे समय तक तड़पते रहे, लेकिन सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस और 112 आपातकालीन सेवा समय पर नहीं पहुंच सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने 108 और 112 पर संपर्क किया, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंची। घायल युवक लगभग एक घंटे तक मौके पर दर्द से तड़पते रहे, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं समय पर राहत देने में विफल साबित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि दुर्घटना या आपात स्थिति में 108 और 112 जैसी सेवाओं का उद्देश्य त्वरित सहायता पहुंचाना है, लेकिन इस घटना ने व्यवस्था की पोल खोल दी है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तथा क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। हादसे को लेकर क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी बनी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image