सांकरा में धार्मिक स्थलों पर गंदगी व नशाखोरी रोकने की मांग
रायपुर |
2026-05-12 21:02:39
सांकरा/धरसींवा
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने ग्राम सांकरा में चौक-चौराहों एवं धार्मिक स्थलों पर बढ़ रही गंदगी, नशाखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर सिलतरा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत सांकरा के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं देवालय परिसरों में पुरखा देव, छत्तीसगढ़ महतारी सहित अन्य धार्मिक प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो ग्रामीणों की आस्था एवं सम्मान का केंद्र हैं। बावजूद इसके कुछ असामाजिक तत्व इन स्थानों पर शराब सेवन, गुटखा-तंबाकू सेवन एवं गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियां कर रहे हैं, जिससे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा गांव को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन कुछ लोग बार-बार ऐसी हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। इससे महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा चौक-चौराहों एवं मंदिर परिसरों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि गांव का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बना रहे।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष गोविन्द वर्मा, अध्यक्ष विमल टंडन, युवा क्रान्ति सेना अध्यक्ष पन्ना साहू, आदित्य बघेल, तारण साहू, राजु साहू, उमेश निषाद, रोशन साहू, विनय निषाद, नीलकमल साहू, केवल निषाद, सोनु निषाद, सतीश साहू, चरणदास रात्रे, सुरज विश्वकर्मा, योगेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।