’सुशासन तिहार 2026’ : ’सुकमा में प्रशासन पहुची जनता के द्वार, मौके पर ही सुलझे जन-सरोकार के मामले’
रायपुर |
2026-05-14 18:03:42
रायपुर : ’सुशासन तिहार 2026’ : ’सुकमा में प्रशासन पहुची जनता के द्वार, मौके पर ही सुलझे जन-सरोकार के मामले’
’गीदम और देवी चौक शिविरों में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का त्वरित लाभ, राशन कार्ड और श्रम कार्डों का हुआ तत्काल वितरण’
रायपुर, 14 मई 2026
छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार 2026 अभियान के तहत सुकमा जिले में संवेदनशीलता और तत्परता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। गुरुवार को जिले के गीदम और देवी चौक में आयोजित विशेष सुशासन शिविरों में प्रशासन ने मौके पर ही समस्याओं का निराकरण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुँचाई। इन शिविरों में बड़ी संख्या में पहुँचे हितग्राहियों ने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाया।
’मौके पर ही सुलझने लगी समस्या आवेदकों के खिले चेहरे’
शिविर के दौरान जिला प्रशासन ने एक ही छत के नीचे कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराईं। किसानों को बी-1 दस्तावेज और स्कूली बच्चों को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पात्र हितग्राहियों के श्रम कार्ड और राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली। राजस्व एवं नागरिक सेवाएं के तहत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीकरण जैसे कार्यों का त्वरित निराकरण किया गया।
’महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकार’
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखा गया। 4 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। महतारी वंदन योजना के निर्बाध लाभ हेतु 65 महिला हितग्राहियों का ऑनलाइन ई-केवाईसी कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का संकल्प
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाना है। गांव-गांव पहुँचकर समस्याओं का समाधान करने से न केवल सुशासन मजबूत हो रहा है, बल्कि शासन के प्रति जनता का विश्वास भी बढ़ा है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेद्दी, पार्षद श्री रंजीत बारठ, श्री रमेश कर्मा और जनप्रतिनिधि श्री दिलीप पेद्दी उपस्थित रहे। प्रशासनिक टीम का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनीत साव ने किया।