सिलतरा क्षेत्र में पेट्रोल पंप संचालकों पर मनमानी के आरोप, ग्रामीणों में नाराज़गी
रायपुर |
2026-05-14 19:19:23
धरसींवा/सिलतरा।
देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi जी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक उपयोग न करने की अपील के बाद सिलतरा क्षेत्र में पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी के आरोप लगातार सामने आने लगे हैं। आम लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंपों द्वारा “स्टॉक खत्म” होने का बहाना बनाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है, जबकि चुनिंदा लोगों एवं परिचितों के वाहनों में पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्राम सांकरा के पंच कमलेश नौरंगे ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप में पर्याप्त भंडारण होने के बावजूद आम नागरिकों को पेट्रोल देने से मना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके सामने ही पंप कर्मचारियों द्वारा स्टाफ एवं कुछ निजी वाहनों में पेट्रोल डाला गया, लेकिन आम लोगों को “पेट्रोल नहीं है” कहकर वापस भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री की अपील केवल अनावश्यक उपयोग कम करने के लिए थी, लेकिन कुछ पेट्रोल पंप संचालक इसका गलत फायदा उठाकर कृत्रिम कमी दिखा रहे हैं। लोगों में यह चर्चा भी है कि कहीं भविष्य में दाम बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्टॉक रोककर रखने का खेल तो नहीं चल रहा।
मामले को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने आरोप लगाया है कि कई पेट्रोल पंप कर्मचारियों का व्यवहार भी बेहद खराब है। पेट्रोल मांगने पर कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों से बदसलूकी एवं अभद्र भाषा में बात किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरतमंद लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रखा जाता है, फिर बिना उचित कारण वापस भेज दिया जाता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सिलतरा क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि स्टॉक होने के बावजूद जनता को परेशान किया जा रहा है तो ऐसे संचालकों एवं कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि आम जनता को परेशान करना और मनमानी करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।