मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
स्वास्थ्यकर्मियों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण संपन्न
मुंगेली, 30 मई 2026
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मियों हेतु मानसिक स्वास्थ्य उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, समय पर परामर्श तथा प्रभावी रेफरल प्रणाली से जोड़ने के लिए सक्षम बनाना था, ताकि समुदाय स्तर तक गुणवत्तापूर्ण मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य की बुनियादी अवधारणाओं, सामान्य मानसिक विकारों के लक्षणों, आत्महत्या रोकथाम, किशोर मानसिक स्वास्थ्य तथा परामर्श सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने वाली टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
यूनिसेफ की राज्य मानसिक स्वास्थ्य सलाहकार श्रीमती निधि तिवारी ने प्रशिक्षण का संचालन करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य का संरक्षण केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वयं के लिए समय निकालना और मानसिक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने कहा।
जिला नोडल अधिकारी मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम डॉ. संजय ओबेराय ने कहा कि प्रशिक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, जिससे वे मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर लोगों को उचित मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान कर सकेंगे। प्रशिक्षण में जिला मितानिन समन्वयक श्रीमती ललिता मेरावी, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री नीरज शुक्ला, कम्युनिटी नर्स रूपाली मसीह, सचिवीय सहायक श्री दुर्गाशंकर तिवारी, योग प्रशिक्षक श्री टीकाराम साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए।