मुंगेली--- जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर जनदर्शन में कार्यरत सफाईकर्मियों ने अपने लंबित पारिश्रमिक भुगतान को लेकर प्रशासन के समक्ष गंभीर समस्या उठाई है। सफाईकर्मियों द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि वे पिछले लगभग 10 वर्षों से नियमित रूप से कंपोजिट बिल्डिंग की साफ-सफाई का कार्य कर रहे हैं, लेकिन पिछले 08 माह से उन्हें पारिश्रमिक राशि का भुगतान नहीं किया गया है। सफाईकर्मियों का कहना है कि वे प्रतिदिन समय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, बावजूद इसके महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। महंगाई के इस दौर में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और अन्य घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन होता जा रहा है।
ज्ञापन में सफाईकर्मियों ने उल्लेख किया है कि उनका पारिश्रमिक पूर्व में कलेक्टर कार्यालय के नाजिर शाखा के माध्यम से नियमित रूप से मिलता रहा है, लेकिन पिछले आठ महीनों से भुगतान पूरी तरह से अटका हुआ है। इससे कई कर्मचारियों को कर्ज लेने और उधारी पर जीवन यापन करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सफाईकर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम 05 माह का बकाया पारिश्रमिक एकमुश्त भुगतान तत्काल किया जाए, ताकि वे अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सकें। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो सकती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस कलेक्टर कार्यालय की साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी इन कर्मचारियों पर है, उसी कार्यालय में कार्यरत सफाईकर्मी महीनों से अपने मेहनताने के लिए भटकने को मजबूर हैं। शासन-प्रशासन द्वारा श्रमिकों के हितों और समय पर भुगतान की बात की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात कुछ और ही तस्वीर पेश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन सफाईकर्मियों की इस गंभीर समस्या पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेता है और उनके लंबित भुगतान का समाधान कब तक हो पाता है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों की सेवा और मेहनत को देखते हुए प्रशासन जल्द राहत प्रदान करेगा।