छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

कलेक्टर ने ली महिला एवं बाल विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक

 कुपोषण मुक्ति हेतु कैलेंडर आधारित कार्ययोजना पर विशेष बल

बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश

रिक्त आंगनबाड़ी पदों पर शीघ्र भर्ती, शत-प्रतिशत आधार एवं आभा आईडी निर्माण तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की कलेक्टर ने की विस्तृत समीक्षा

सूरजपुर/09 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चों को कुपोषण चक्र से बाहर निकालने तथा जिले में कुपोषण को नगण्य स्तर तक लाने की दिशा में संबंधित अधिकारियों को कैलेंडर आधारित कार्ययोजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए।

             बैठक में विभाग अंतर्गत रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पदों पर भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। कलेक्टर ने इन रिक्त पदों के विरुद्ध भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

                बैठक में बाल विवाह के संबंध में गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। कलेक्टर ने बाल विवाह को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इसके विरुद्ध सामाजिक स्तर पर अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार में बालक एवं बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक विकास पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को अधिक से अधिक उजागर किया जाए, ताकि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर पूर्ण रूप से रोक लगाकर सूरजपुर जिले को बाल विवाह मुक्त जिला बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए समाज के सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

              इसके साथ ही कलेक्टर ने सीएससी के कम्प्यूटर ऑपरेटरों से समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत संचालित गतिविधियों, कुपोषण की स्थिति, बाल कल्याण समिति, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, आपार एवं आभा आईडी की अद्यतन स्थिति, सखी वन स्टॉप सेंटर, नवा बिहान योजना, किशोर न्याय बोर्ड तथा सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
               बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image