छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कबीरधाम में 24 से 29 नवंबर तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

गर्भवती महिलाओं की होगी सोनोग्राफी, 18 वर्ष तक के बच्चों की होगी हृदय जांच; ग्रामीणों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर सुविधा

कवर्धा। कबीरधाम जिले में ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर 24 से 29 नवंबर 2026 तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, नागरिकों की नेत्र जांच तथा जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की हृदय जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-बड़ी जांच के लिए जिला मुख्यालय अथवा बड़े अस्पतालों तक जाने की परेशानी न उठानी पड़े।

छह दिनों में छह स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेंगे शिविर

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा में सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। इसी प्रकार 25 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया तथा 26 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी और नेत्र जांच की सुविधा मिलेगी।

वहीं 27 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर, 28 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरगांव तथा 29 नवंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में सोनोग्राफी, नेत्र जांच के साथ बच्चों की हृदय जांच भी की जाएगी।

चिरायु कार्यक्रम के तहत 18 वर्ष तक के बच्चों की होगी हृदय जांच

इस स्वास्थ्य अभियान का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था है। इसके तहत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों का परीक्षण, आवश्यकतानुसार ईको जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। जिन बच्चों को उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था भी रहेगी। इस पहल में सत्य साईं अस्पताल का सहयोग लिया जा रहा है।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों में जन्म से हृदय में छेद, शरीर में नीलापन, सांस फूलना, बार-बार निमोनिया होना, अत्यधिक कमजोरी, दूध पीते समय जल्दी थक जाना तथा वजन और शारीरिक विकास में कमी जैसे लक्षण जन्मजात हृदय रोग के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच करानी चाहिए। शिविर के माध्यम से ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

गर्भवती महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा

अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गर्भावस्था के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराने में महिलाओं को सहूलियत मिलेगी। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर ही यह सुविधा मिलने से समय और आवागमन की परेशानी कम होगी। इसके साथ ही नेत्र जांच के माध्यम से आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने की शिविरों का लाभ लेने की अपील

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को स्थानीय स्तर पर सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क जांच सुविधाओं का लाभ उठाएं।

समय पर स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान और उचित उपचार संभव हो सकता है। ऐसे में यह छह दिवसीय अभियान कबीरधाम जिले के ग्रामीण परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image