छत्तीसगढ़ / बालोद

धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने दिए कड़े निर्देश

 बारिश से धान की सुरक्षा, बारदानों की व्यवस्था और वैज्ञानिक तरीके से स्टेकिंग पर विशेष जोर

बिचैलियों पर रहेगी कड़ी निगरानी, रकबा सुधार एवं खसरा मैपिंग का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

बालोद, नवंबर 2026

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों एवं धान उपार्जन केंद्रों के प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में सहकारिता, खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की।

 उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता वाली योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

बारिश से धान की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में तिरपाल, पर्याप्त डनेज (भूसी) एवं कैप कवर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों में रखा धान बारिश से भीगने या खराब होने न पाए। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट और नमी मापक यंत्रों (मॉइश्चर मीटर) का सत्यापन एवं कैलिब्रेशन समय पर पूरा कराने को कहा।

वैज्ञानिक तरीके से होगी धान की स्टेकिंग

धान के सुरक्षित भंडारण और व्यवस्थित रख-रखाव के लिए प्रत्येक उपार्जन केंद्र में निर्धारित आकार के अनुसार स्टेक प्लान तैयार किया जाएगा। धान की किस्मों के अनुसार मोटा, पतला, सरना, महामाया, आरबी एवं गोल्ड आदि की अलग-अलग स्टेकिंग की जाएगी। प्रत्येक स्टेक में 3 हजार बोरियां अर्थात 1200 क्विंटल धान रखने की व्यवस्था होगी। स्टेक प्लान को केंद्र के मुख्य द्वार पर प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है।

बारदानों और रंगीन सुतलियों के निर्धारित मानकों का पालन जरूरी

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने नए एवं पुराने बारदानों की उपलब्धता, मिलर बारदानों की प्रविष्टि तथा उनकी सही गणना समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बारदानों पर निर्धारित स्टेंसिल की छपाई और जूट की सुतलियों की रंगाई भी तय मानकों के अनुसार की जाएगी। इसके तहत सरना धान के लिए लाल, मोटा धान के लिए काला, पतला धान के लिए हरा तथा पुराने बारदानों के लिए नीले रंग की सुतली का उपयोग किया जाएगा।

किसानों के रकबे और खसरा मैपिंग की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

जिन किसानों के खसरे में रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा फसल परिवर्तन के कारण मैपिंग में समस्या आ रही है, उनका सुधार सोसायटी मॉड्यूल के माध्यम से शीघ्र कराया जाएगा। कलेक्टर ने तहसीलदारों को ऐसे प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय में परेशानी न हो और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बिचैलियों पर निगरानी और किसानों को योजनाओं की जानकारी देने पर जोर

धान खरीदी केंद्रों में स्थानीय कोचियों एवं बिचैलियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों की जानकारी के लिए समर्थन मूल्य, एफएक्यू मापदंड, टोकन व्यवस्था और निगरानी समिति से संबंधित सूचना प्रदर्शित करने वाले बैनर प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। साथ ही कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत मिलने वाली आदान सहायता राशि की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

ऑपरेटरों की नियमित उपस्थिति और केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियमित उपस्थिति और कार्य दिवसों में सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, नियुक्त नोडल अधिकारी प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को मोबाइल ऐप के माध्यम से संबंधित खरीदी केंद्रों का भौतिक सत्यापन करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो सके।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों, समितियों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले और धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, कृषि विभाग के उपसंचालक श्री आशीष चन्द्राकर, जिला खाद्य अधिकारी श्री सुधीर चंद्र गुरू, जिला विपणन अधिकारी श्री टिकेन्द्र राठौर, जिला सहकारी बैंक मैनेजर श्री सी आर रावटे, नोडल अधिकारी श्री आर के आलेन्द्र, मंडी सचिव श्री संजीव वाहिले, जिले के सभी काॅपरेटिव इंस्पेक्टर, समिति प्रबंधकों सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image