जिले में कल होगा जनजातीय गौरव दिवस समारोह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में शाम 4 बजे से होगा आयोजन, जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की दिखेगी झलक
बालोद नवंबर 2026/
जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और परंपराओं को सम्मान देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बालोद द्वारा कल 17 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह जिले के हृदय स्थल स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा।
समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग करेंगे।
इस अवसर पर डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया, संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, गुंडरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री तोमन साहू तथा जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश
जनजातीय गौरव दिवस समारोह जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर महापुरुषों के योगदान, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन मूल्यों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, कला, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन को भी प्रोत्साहन मिलता है।
अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के समस्त जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्यों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रमुखों तथा आम नागरिकों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान में आयोजित इस समारोह को सामूहिक सहभागिता से सफल बनाया जा सके।