छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

नीट (यूजी) 2026 परीक्षा 21 जून को, अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड एवं आवश्यक दिशा-निर्देश जारी

दंतेवाड़ा, 18 जून 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET&UG 2026) के लिए अभ्यर्थियों हेतु ड्रेस कोड एवं परीक्षा केंद्रों पर अनुमति वस्तुओं संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
 
जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। पूर्ण बांह (फुल स्लीव) के वस्त्र अथवा ऊनी कपड़े आवश्यकता अनुसार पहनने की अनुमति होगी, वहीं धार्मिक आस्था से जुड़े वस्त्र एवं प्रतीक भी मान्य रहेंगे। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच में अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए उन्हें केंद्र पर समय से पूर्व पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी केवल पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) पानी की बोतल लेकर जा सकेंगे। फुटवियर के रूप में चप्पल अथवा कम ऊंचाई वाली सैंडल पहनने को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। 
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने अभ्यर्थियों से सरल एवं सामान्य परिधान पहनकर आने, परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों के साथ सहयोग करने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। वहीं भारी आभूषण, अनावश्यक एक्सेसरीज तथा ऊंची एड़ी के जूते पहनकर आने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही अभ्यर्थियों को देर से परीक्षा केंद्र पहुंचने से भी मना किया गया है। एनटीए ने कहा है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं तनावमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी अभ्यर्थियों का सहयोग आवश्यक है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पलाइन 011-40759000 अथवा ई-मेल neetug2026@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। 
 
उल्लेखनीय है कि जिले में महानिदेशक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी नई दिल्ली के पत्रानुसार नीट परीक्षा 2026 का आयोजन दिनांक 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से 05.15 बजे तक आस्था विधा मंदिर इंग्लिश माध्यम स्कूल जावंगा एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय गीदम में परीक्षा केन्दों में संपन्न होगी। जिसमें दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए समय सीमा शाम 6.15 बजे तक बढ़ा दी गई है। जिले में नीट परीक्षा देने वाले  कुल अभ्यर्थियों की संख्या 670 है।  
 

Leave Your Comment

Click to reload image