नई दिल्ली। महज 22 साल की उम्र में जब कोई खिलाड़ी संन्यास लेता है तो हैरानी होती है। ऐसा पाकिस्तान में हुआ है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज ने अचानक संन्यास का एलान किया है। उन्होंने दिल टूटने के बाद ये फैसला किया है और उनका दिल तोड़ा है पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के टीमों ने। इस खिलाड़ी का नाम है इहसानउल्लाह।
पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के अगले सीजन का ड्राफ्ट सोमवार को हुआ। इसमें इहसानउल्लाह को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा जिससे वह निराश हो गए। उन्होंने तुरंत बड़ा फैसला किया और पीएसएल से संन्यास ले लिया। 22 साल के इस खिलाड़ी ने बताया है कि वह अब पीएसएल में नजर नहीं आएंगे।
सोच-विचार कर लिया फैसला
इहसानउल्लाह ने कहा कि उनका ध्यान पूरी तरह से पाकिस्तान टीम के लिए खेलने और घरेलू क्रिकेट में अच्छा करने पर है और इसी कारण उन्होंने पीएसएल न खेलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, "मैंने पीएसएल से रिटायर होने का फैसला किया है। मैं अब और फ्रेंचाइजी क्रिकेट नहीं खेलना चाहता। मैं लक्ष्य अब पीएसएल के बिना पाकिस्तान की टीम के लिए खेलने पर है।"
पीएसएल-8 में उन्होंने 7.59 की औसत से 22 विकेट अपने नाम किए थे। वह मुल्तान सुल्तांस के लिए खेले थे। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान की टी20 टीम में जगह मिल गई थी। इस गेंदबाज ने साल 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्हें टीम में जगह मिली थी। इसी सीरीज में उन्होंने अपना वनडे डेब्यू किया था। लेकिन कोहनी की चोट ने उन्हें परेशान कर दिया था।
'मुझे नहीं मिली तवज्जो'
इहसानउल्लाह ने कहा है कि उन्होंने अतीत में अच्छा किया और इसके बाद भी उनको नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा, "मैंने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन उनको तवज्जो नहीं दी गई। एक भी फ्रेंचाइजी ने मुझसे संपर्क नहीं किया। अगर आप अच्छा करते हैं तो फ्रेंचाइजियों को आपके पीछे आना चाहिए, लेकिन किसी ने भी मुझसे संपर्क नहीं किया।"