छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
ग्राम सभाओं में तय होगी गांव के विकास की दिशा’
बिलासपुर । जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर से ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्रामसभाओं में गांव के समग्र विकास की कार्ययोजना, जल संरक्षण और पंचायतों के आय-व्यय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। ग्रामसभाओं में विकसित ग्राम पंचायत योजना के निर्माण पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ग्रामीणों की भागीदारी से गांव की आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। इस दौरान वीबी-जी राम जी के जॉब कार्ड की मांग एवं कार्यों की मांग के विषय भी रखे जाएंगे। ग्राम पंचायत के आय-व्यय और बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत का प्रस्ताव भी ग्रामसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। जल संरक्षण को भी ग्रामसभाओं में प्रमुखता दी जाएगी। ग्राम पंचायतों के भूजल स्तर का वाचन किया जाएगा तथा भूजल स्तर की जानकारी दीवारों पर लिखने के संबंध में चर्चा होगी। इसके साथ ही नशामुक्ति एवं गांव के समेकित विकास के लिए कार्ययोजना के निर्माण पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजित ग्रामसभाओं का विवरण विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय में दिलाई गई स्वच्छता शपथ
बिलासपुर । शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सावित्री त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय शंकर पात्रे के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सावित्री त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि इसे हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं स्वच्छ रहने के साथ अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिवर्ष 100 घंटे अर्थात प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय शंकर पात्रे ने राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉलीथीन का उपयोग बंद करने तथा अपने आसपास प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों सहित छात्र-छात्राओं सहित ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, श्रमदान की भावना और समाज को स्वच्छ बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न
बिलासपुर । सेवा और संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल, बिल्हा में किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के द्वितीय आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 59 तथा भाषण प्रतियोगिता में 59 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक ने विद्यार्थियों को सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी और देशहित की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ’’स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, नक्सलवाद, नक्सल मुक्त भारत, सपनों का भारत, विकसित भारत 2047, महिला सशक्तिकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभाव’’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और ओजस्वी वक्तव्यों के माध्यम से सेवा, संकल्प, सामाजिक जिम्मेदारी, देशभक्ति एवं राष्ट्रहित की भावना को अभिव्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रतियोगिता में भाषण वर्ग के प्रतिभागियों में ’’अनुराधा सूर्यवंशी, रागिनी मित्रा, रूपाली श्रीवास, अमितेश तिवारी, रिमझिम ठाकुर, दिव्या पटेल, अनीश ठाकुर, अदवित पाण्डेय, महिमा पाण्डेय एवं संस्कार द्विवेदी’’ शामिल रहे। विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता से जिला स्तर के लिए ’’नव्या अग्रवाल, निधि साहू, शिवानी कुर्रे, मानवी भोंसले, जिज्ञासा कैवर्त, नमिता कौशिक, मोहन करियारे, आकांक्षा श्रीवास, भूमि वर्मा, आकाश यादव, श्रद्धा सेन, इनाया बानो, गोपाल साहू, खुशी यादव, माही रात्रे, ऐश्वर्या लक्ष्मी यादव, प्रियांशी कुर्रे, लितीका नेताम, माया बाटवे एवं समृद्धि मिश्रा’’ का चयन किया गया।
कार्यक्रम में वृक्षारोपण के क्षेत्र में ’’गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’’ बनाने वाले कलेश्वर साहू को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में केशव वर्मा, रजनी गंधा बेहार, डॉ. रश्मि द्विवेदी, रितु यादव, डेनिस विस्ले, अर्चना एवं सविता त्रिवेदी सहित अन्य निर्णायक शामिल रहे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बिल्हा रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, जिला पंचायत सभापति डॉ. गोविंद यादव, राजेन्द्र साहू, इंद्रजीत क्षत्री, कोमल ठाकुर, उमाशंकर कश्यप, बीईओ भूपेंद्र कौशिक, वासुदेव पाण्डेय, देवी चंद्राकर, एबीईओ दीप्ति गुप्ता, सुनीता ध्रुव, सेजेस तिफरा के प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, डीपीएस के प्राचार्य जसपाल मठ, जय कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पालक, शिक्षक एवं विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और प्रभावशाली विचारों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सिम्स में विश्व वयोवृद्ध दिवस मनाया गया
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विश्व वयोवृद्ध दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। सभी वरिष्ठ नागरिकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया तथा नेत्र जांच के बाद 58 जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
विभागवार हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर में मेडिसिन, कान-नाक-गला (ईएनटी) एवं नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों की जांच की। ईएनटी विभाग में 67 मरीजों की जांच आधुनिक मशीनों से की गई। नेत्र रोग विभाग द्वारा बुजुर्गों की आंखों की जांच की गई, जिसके बाद जरूरतमंद 58 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। मेडिसिन विभाग में बुजुर्गों की सामान्य एवं पुरानी बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इस दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों में दर्द, कम सुनाई देना, मोतियाबिंद, याददाश्त में कमी सहित वृद्धावस्था में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच एवं उपचार किया गया। चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
530 मरीजों की ओपीडी, 90 जेरिएट्रिक मरीज
स्वास्थ्य शिविर में कुल 530 मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें 90 जेरिएट्रिक (वृद्ध) मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 25 मरीजों का ईसीजी किया गया तथा 80 मरीजों का आरबीएस, रक्तचाप एवं वजन की जांच की गई।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सिम्स में विशेष व्यवस्था
सिम्स प्रबंधन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, दवा वितरण काउंटर एवं पर्ची बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। भर्ती होने वाले बुजुर्ग मरीजों को आयुष्मान कार्ड से संबंधित पंजीयन के लिए लाइन में न लगना पड़े, इसके लिए वार्ड में जाकर ही पंजीयन की व्यवस्था की गई है।
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान हमारा दायित्व : डॉ. रमणेश मूर्ति
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। 60 वर्ष की आयु के बाद शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं, इसलिए छोटी स्वास्थ्य समस्या को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तचाप, शुगर, आंख और कान की जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि संतुलित भोजन, नियमित पैदल चलना, पर्याप्त नींद और परिवार के साथ समय बिताना स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। सिम्स में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था इसी उद्देश्य से की गई है, ताकि उन्हें उपचार के दौरान कम से कम परेशानी हो और सम्मान के साथ समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
समय पर जांच से गंभीर बीमारियों से बचाव : डॉ. लखन सिंह
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि वृद्धावस्था में होने वाली छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित उपचार से कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। सिम्स वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर, सहज और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पांडे, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित ठाकुर, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुचित सिंह, डॉ. प्रभा सोनवानी, डॉ. विद्या भूषण साहू, डॉ. श्वेता मित्तल, डॉ. कर्णिका रॉय, डॉ. अंजली, डॉ. रूपांजली, डॉ. आशुतोष कोरी, डॉ. सुयश सिंह, डॉ. घनश्याम एवं डॉ. नवनीत सहित चिकित्सक उपस्थित रहे। नर्सिंग अधीक्षक स्वाती कुमार के साथ सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, नमिता वानी, राजकुमारी चौहान, पिंकी दास सहित नर्सिंग स्टाफ से पुष्पलता शर्मा, योगीता वर्मा, नेहा उरांव, पल्लवी कौमार्य, पपीहा साहा, उर्मिला भगत, प्रांजुल श्रीवास्तव एवं गरिमा पाण्डेय सहित सिम्स के मेडिकल, नर्सिंग, टेक्नीशियन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे से दूर रखने युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल
बिलासपुर । मादक पदार्थों पर नियंत्रण और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 2 अक्टूबर को युवाओं को खेलों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर के अनुमोदन से समाज कल्याण विभाग ने संबंधित विभागों के सहयोग से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के वर्ष 2026-2029 के दृष्टिकोण के अनुरूप मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों तथा संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इसी क्रम में 16 अगस्त 2026 से एक वर्ष के लिए विशेष अभियान की गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया गया है। जागरूकता गतिविधियां विभागों के नियमित दायित्वों के हिस्से के रूप में पूरे वर्ष जारी रहेंगी। निर्धारित पखवाड़ों में पूरे राज्य में एक साथ विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले में जनवरी 2027 के प्रथम पखवाड़े में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मार्च के प्रथम पखवाड़े में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का अवलोकन किया जाएगा। अप्रैल के प्रथम पखवाड़े में युवाओं के लिए खेल एवं अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी। जुलाई के प्रथम पखवाड़े में शिक्षण परिसरों का नशामुक्त परिसर के रूप में सत्यापन किया जाएगा। अगस्त 2027 के प्रथम पखवाड़े में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पुनः जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
जनसेवा के नवाचारों को मिलेगा मंच, जीत सकेंगे 10 लाख रुपये का पुरस्कार
बिलासपुर । जनसेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नवीन विचार और तकनीक प्रस्तुत करने वालों को भारत सरकार ने अवसर दिया है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में इच्छुक प्रतिभागी 17 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के 10 क्षेत्रों में कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा एवं केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव के निवासी भाग ले सकते हैं। व्यक्तिगत नवप्रवर्तकों, विद्यार्थियों, छात्र समूहों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, नवउद्यमों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए यह प्रतियोगिता खुली है। प्रतिभागियों के पास संबंधित राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश का निवास प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। प्रतियोगिता में कृषि, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा, ऊर्जा एवं जलवायु से जुड़ी स्थिरता, अवसंरचना एवं गतिशीलता, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोजगार क्षमता से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक क्षेत्र में पांच उपविषय निर्धारित हैं। इनमें फसल नुकसान का डिजिटल आकलन, शहरी बाढ़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता जैसे विषय शामिल हैं। आवेदक को एक प्राथमिक क्षेत्र और एक उपविषय चुनना होगा। प्रत्येक क्षेत्र में पांच विजेता चुने जाएंगे। इनमें एक महिला श्रेणी, एक 21 वर्ष से कम आयु श्रेणी और तीन सामान्य श्रेणी के विजेता होंगे। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार राशि का भुगतान पहचान, बैंक विवरण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के सत्यापन के बाद किया जाएगा। प्रतियोगिता 18 अक्टूबर से शुरू होगी और 7 दिसंबर 2026 को नागपुर में अंतिम कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी के साथ संपन्न होगी। सबसे पहले आवेदनों की पात्रता जांच की जाएगी। प्रथम चरण में प्रत्येक आवेदन का कम से कम दो मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन आकलन होगा। दूसरे चरण में तकनीक और उसके प्रभाव, क्षेत्र विशेष के प्रमाणों, प्रायोगिक परियोजनाओं तथा तकनीकी मजबूती की जांच की जाएगी। चयनित आवेदनों को प्रदर्शनी में सरकारी विभागों, उद्योग जगत, निवेशकों एवं उद्यम विकास में सहयोग देने वाली संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, प्रथम तल, न्यू कम्पोजिट बिल्डिंग, कलेक्टोरेट परिसर, बिलासपुर में संपर्क किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान से मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं का हो रहा विस्तार
बिलासपुर । प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत बिलासपुर जिले में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान और प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं की जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान के उद्देश्य से निजी क्षेत्र के रेडियोलॉजिस्ट एवं सोनोलॉजिस्ट भी इस अभियान से स्वैच्छिक रूप से जुड़े हैं। जिले में निजी क्षेत्र के 16 रेडियोलॉजिस्ट एवं सोनोलॉजिस्ट द्वारा निःशुल्क सोनोग्राफी सेवा प्रदान की जा रही है। इनके सहयोग से गर्भवती महिलाओं को आवश्यक जांच की सुविधा उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध हो रही है। वर्ष 2024 से 2026 तक कुल 2,157 गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सेवा’’ का लाभ मिला है। सोनोग्राफी के माध्यम से गर्भावस्था से संबंधित संभावित जटिलताओं एवं उच्च जोखिम की समय पर पहचान करने में मदद मिली, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को समय पर आवश्यक उपचार, परामर्श एवं प्रबंधन उपलब्ध कराया जा सका। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच एवं विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की यह पहल सुरक्षित मातृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
नन्हें बच्चों को पोषण का सहारा, माता-पिता को मिली राहत
बिलासपुर । बच्चा कुपोषण से जूझ रहा हो तो माता-पिता की सबसे बड़ी चिंता उसके स्वस्थ होने की होती है। लेकिन उपचार के लिए घर से दूर जाकर करीब पंद्रह दिन ठहरना पड़े तो परिवार की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। बिलासपुर जिले में पोषण पुनर्वास केंद्रों के विस्तार ने ऐसे परिवारों को राहत दी है। तखतपुर, बिल्हा और रतनपुर में केंद्रों की सुविधा मिलने से अब अधिक बच्चों तक पोषण संबंधी देखभाल और उपचार पहुंच रहा है।
अप्रैल 2024 से पहले जिले में केवल जिला चिकित्सालय में पोषण पुनर्वास केंद्र संचालित था। दूरस्थ गांवों के माता-पिता को अपने कुपोषित बच्चे के साथ जिला मुख्यालय आना पड़ता था। केंद्र में लगभग 15 दिन रहने की आवश्यकता के कारण कई परिवारों के लिए इस सुविधा का लाभ लेना कठिन था। बच्चे की देखभाल के साथ घर की जिम्मेदारियां संभालना भी उनके लिए चुनौती थी। इन परिवारों की जरूरत को देखते हुए जिले में पोषण पुनर्वास की सुविधाएं बढ़ाने की पहल की गई। कलेक्टर द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास से अनुमोदित राशि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की पहल और संबंधित अधिकारियों के सहयोग से नए केंद्रों का संचालन शुरू हुआ। बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई गई, ताकि अधिक जरूरतमंद बच्चों को भर्ती कर देखभाल और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इस पहल का असर लाभान्वित बच्चों की संख्या में दिखाई दे रहा है। पहले जिला चिकित्सालय के एकमात्र केंद्र से लगभग 170 से 180 बच्चों को लाभ मिल पाता था। अब नए केंद्रों और बढ़े बिस्तरों के माध्यम से लगभग 800 से 900 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। अपने क्षेत्र के नजदीक सुविधा मिलने से माता-पिता के लिए बच्चे के साथ रहकर उसका उपचार कराना आसान हुआ है।
इन केंद्रों के नियमित संचालन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की कार्ययोजना में कर्मचारियों और मानदेय सहित आवश्यक व्यय की राशि भी स्वीकृत हुई है। इसके लिए भारत सरकार से राशि प्राप्त हो रही है। स्थानीय जरूरत से शुरू हुई यह पहल अब अधिक बच्चों तक पोषण और उपचार पहुंचाने का माध्यम बनी है। साथ ही उन परिवारों को राहत मिली है, जिनके लिए दूरी कभी बच्चे के उपचार में बाधा थी।
अवैध कीटनाशक भंडारण पर कार्रवाई, सातों नमूने जांच में अमानक
बिलासपुर । तखतपुर विकासखंड के ग्राम लोखंडी में बिना लाइसेंस कीटनाशकों एवं जैव उत्प्रेरक खाद का भंडारण करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गोदाम से जब्त कीटनाशकों के सातों नमूने प्रयोगशाला जांच में अमानक पाए गए हैं। कृषि विभाग की शिकायत पर सकरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 286 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर कलेक्टर बिलासपुर एवं संचालक कृषि के निर्देश पर कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम लोखंडी में मुख्य मार्ग पर स्थित रामाघाट तालाब के पास आशु सिंह के यहां आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच में कीटनाशकों एवं जैव उत्प्रेरक खाद का अवैध भंडारण पाया गया। उक्त स्थान हेतु कृषि विभाग से विक्रय एवं भंडारण की अनुमति नहीं ली थी और न ही किसी प्रकार का आवेदन अथवा जानकारी कार्यालय उप संचालक कृषि को दी गई थी। संयुक्त दल ने मौके पर विक्रय प्रतिबंधित करते हुए गोदाम में रखी सामग्री जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 30 से 35 लाख रुपये है। नकली होने के संदेह पर नमूने प्रयोगशाला भेजे गए थे। इनमें से राज्य कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला, राजनांदगांव भेजे गए सभी सात नमूने जांच में मानकों के विपरीत पाए गए। बिना लाईसेंस अवैध रूप से कीटनाशक एवं जैव उत्प्रेरक खादों का भण्डारण करने के लिए कृषि विभाग की शिकायत पर सकरी थाने में आरोपी के विरूद्ध मामला दर्ज कराया गया है तथा पुलिस मामले की सभी पहलुओं की आगे की जांच कर रही है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में कृषि आदानों की कालाबाजारी एवं अवैध बिक्री रोकने के लिए लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक केवल पंजीकृत विक्रेताओं से खरीदें और खरीदी का बिल अवश्य लें।
वरिष्ठजन हमारी अमूल्य धरोहर, उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा : विधायक कौशिक
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का आत्मीय सम्मान करने के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, विधिक जागरूकता और मनोरंजन के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अतिथियों ने वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिस तरह हम अपने माता-पिता का आदर और सम्मान करते हैं, उसी भावना से समाज के प्रत्येक बुजुर्ग का सम्मान किया जाना चाहिए। वरिष्ठजनों के पास जीवन के लंबे अनुभवों का खजाना है, जिससे युवा पीढ़ी को सीख और प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान हमारी सामाजिक एवं पारिवारिक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके सम्मान, संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी हम सभी की है। वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष परिवार, समाज और देश के निर्माण में लगाए हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ नई पीढ़ी को लेना चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी एवं छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
500 से अधिक वरिष्ठजनों की हुई स्वास्थ्य जांच -
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिकों के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण से हुई। आयुष विभाग के चिकित्सकों ने 500 से अधिक वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। होम्योपैथी सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने भी परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांच की गईं। जिला पुनर्वास केंद्र द्वारा विशेष आवश्यकता वाले वरिष्ठ नागरिकों को अतिथियों के हाथों श्रवण यंत्र, छड़ी, नी-कैप एवं कमर बेल्ट जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए। फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी के स्टॉल के माध्यम से भी वरिष्ठजनों को उपचार एवं उपयोगी जानकारी दी गई।
वरिष्ठ नागरिकों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी -
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार चौहान ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के बी.के. विकास ने संगीत के माध्यम से स्वस्थ तन-स्वस्थ मन और वरिष्ठजनों के प्रति सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया। संयुक्त संचालक तिलकेश भावे ने स्वागत उद्बोधन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित अधिनियम एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह में गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। वरिष्ठजनों ने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं ने वरिष्ठजनों के सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के चिकित्सक एवं विशेषज्ञ, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश तिवारी एवं प्रशांत मोकाशे ने किया।
सेवा संकल्प अभियान से जनता तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : विधायक
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत आज तखतपुर विकासखंड के भकुर्रा नवापारा में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि जनता की सेवा करना और शासकीय योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। शिविर में प्राप्त 392 मांगों में से 356 का निराकरण किया गया। इसके अलावा दो शिकायतें भी प्राप्त हुईं। आठ महिला समूहों को 48 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी प्रदान करने के साथ अन्य योजनाओं से भी लाभान्वित किया गया। वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया गया।
विधायक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सरकार महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला जैसी योजनाओं से परिवारों को संबल मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनप्रतिनिधि और प्रशासन गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि पात्र जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं की आर्थिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
श्रीमती हर्षिता पांडे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ और समस्याओं के समाधान का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप ने महिलाओं से स्वसहायता समूहों से जुड़कर आजीविका के अवसरों का लाभ लेने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार ने कहा कि सरकार की योजनाएं जीवन के विभिन्न चरणों में परिवारों का सहारा बनती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, टीकाकरण और शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज कराने और योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। जनपद सदस्य श्रीमती गीता यादव ने भी शिविर को संबोधित किया।
सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता का संदेश, गांव से जिला मुख्यालय तक सरकारी दफ्तरों में चला सफाई अभियान
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी करते हुए अपने कार्यालय और परिसर की साफ-सफाई की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा गत दिनों दिए गए निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभियान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी ने स्वच्छता के लिए श्रमदान किया।
अभियान के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू और पोंछा लेकर कार्यालय कक्षों, बैठक कक्षों एवं परिसरों की सफाई की। लंबे समय से पड़ी अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री की छंटाई कर उसे व्यवस्थित किया गया। अस्त-व्यस्त फाइलों और अभिलेखों को भी तरतीब से रखकर कार्यालयों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। इसे हमें अपनी आदत और कार्यालयीन कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल और आसपास के परिसर को नियमित रूप से स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का आह्वान किया।
जिला कलेक्ट्रेट, पुराने एवं नवीन कम्पोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत, नगर निगम सहित जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। सामूहिक भागीदारी से कार्यालयों की साफ-सफाई के साथ स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्ती, 285 चालानी कार्रवाई
बिलासपुर । राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं नियमों के उल्लंघन पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। जिले के सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध अब तक लगभग 285 चालानी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। सभी विभागों को अपने यहां सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर नियमित निगरानी एवं उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
जिले के स्कूल एवं महाविद्यालयों में कोटपा अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत आवश्यक सूचना पटल लगाने तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास प्रतिबंधित दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। लगभग 850 शैक्षणिक संस्थानों में धूम्रपान निषेध बोर्ड लगाए जा चुके हैं। शेष संस्थानों में भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई करने कहा गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाकर जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती : आवेदन 21 अक्टूबर तक
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
समाचार
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/एकीकृत बाल विकास परियोजना सकरी अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र उस्लापुर 4 में आंगनबाड़ी सहायिका के एक रिक्त पर 7 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाईन आवेदन किये जा सकते है। इच्छुक आवेदिका ई भर्ती पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ में जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करते हुए आवेदन कर सकती है।
रचना/253/1979
--00--
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
नहरों के अंतिम छोर तक पहुंचा पानी, किसानों की खेती को मिली मजबूती
आमाचुवा और लोवर मनियारी योजना से 2,197 हेक्टेयर खेतों को सिंचाई का लाभ
खरीफ के साथ रबी के लिए भी पानी, नहरों के सुधार से बढ़ीं सुविधाएं
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/खेतों तक पहुंचती सिंचाई की धार तखतपुर क्षेत्र के किसानों के लिए खेती का मजबूत सहारा बन रही है। आमाचुवा जलाशय और लोवर मनियारी व्यपवर्तन योजना से 2,197 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिल रहा है। नहरों के सुदृढ़ीकरण से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर हुई है। आमाचुवा जलाशय से खरीफ के साथ किसानों की मांग के अनुरूप रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
रचना/254/1980
--00--
सेवा संकल्प अभियान : गिरधौना में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन
न्यौता भोज के साथ हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा का दिया गया संदेश
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के सेक्टर गिरधौना के आंगनबाड़ी केंद्र खैरी क्रमांक-2 में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार, जनपद सदस्य श्री रामकुमार सिंगरौल, सरपंच श्रीमती राजकुमारी सोनवानी, पंच श्री प्रेमलाल सिंगरौल सहित रोहित, नीलसरोज सिंगरौल, लक्ष्मण धुर्वे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रचना/255/1981
--00--
जनभागीदारी से रेडक्रॉस के सेवा कार्यों को दें विस्तार : चैयरमेन श्री तोमन साहू
रक्तदान, अंगदान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने युवाओं को जोड़ने पर जोर
बिल्हा के विद्यालयों में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति चलेगा जागरूकता अभियान
बिलासपुर, 30 सितंबर 2026/भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य चेयरमेन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में जिला शाखा बिलासपुर की समीक्षा बैठक जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। उन्होंने जनभागीदारी से सेवा कार्यों का विस्तार करने और युवाओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल उपस्थित थे।
रचना/256/1982
--00--
मंगला में सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संरक्षण और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगला में जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल स्रोत सुधार, नदी घाट स्वच्छता अभियान, जल चौपाल एवं जल संकल्प जैसी गतिविधियां मंगला (पासीद) एनीकट क्षेत्र में की गईं।
रचना/ 257/1983
--00--
आयुष्मान कार्ड बना स्वास्थ्य का सहारा, निःशुल्क किडनी उपचार से मिली नई उम्मीद
शासकीय योजनाओं से स्वास्थ्य सुविधाएं हुई आसान
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/गंभीर बीमारी के उपचार में होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे समय में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत सहारा बन रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के सीपत तहसील अंतर्गत ग्राम लगरा निवासी सुश्री प्रशंसा सिंह के लिए भी आयुष्मान कार्ड उनके उपचार का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।
रचना/258/1984
--00--
ग्रामसभा में तय होगी गांव के विकास की दिशा, ग्रामीण बनाएंगे अपनी पंचायत की योजना
वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले की 486 ग्राम पंचायतों में बनेगी विकसित ग्राम पंचायत योजना
2 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया, ग्रामीणों से लिए जाएंगे सुझाव
बिलासपुर, 30 सितंबर 2026/गांव में कौन से विकास कार्य जरूरी हैं और किन जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए, यह ग्रामीण ग्रामसभा में तय करेंगे। जिले की 486 ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर से आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीणों के सुझावों, स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र की आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा। योजना निर्माण में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पंचायत के आधारभूत आंकड़ों, मानचित्रों और योजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। अक्टूबर और नवंबर में बस्ती एवं वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में गांव की जरूरतों, समस्याओं और विकास की प्राथमिकताओं पर सुझाव लिए जाएंगे। दिसंबर में भूमि एवं क्षेत्र परिचय के आधार पर तैयार विकसित ग्राम पंचायत योजना का प्रारूप ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रामसभा के अनुमोदन के बाद योजनाओं को विकासखंड और जिला स्तर पर समेकित किया जाएगा। समेकन की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी की जाएगी।
रचना/259/1985
--00--
सेवा सेतु से अक्षय कुमार को घर के नजदीक मिली शासकीय सेवा
शासन की डिजिटल सेवाओं से हर वर्ग हो रहा लाभान्वित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ अब आम नागरिकों को घर के नजदीक और सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है। विभिन्न शासकीय सेवाओं को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं का लाभ कम समय में मिल रहा है।
रचना/260/1986
--00--
दानवीर भामाशाह सम्मान के लिए आवेदन 1 अक्टूबर तक
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/समाज कल्याण विभाग द्वारा दानवीर भामाशाह सम्मान 2026 के लिए 1 अक्टूबर 2026 तक आवेदन मंगायेे गये है। यह सम्मान प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को प्रदान किया जाता है। चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए आवेदक व्यक्ति अथवा संस्था का छत्तीसगढ़ में निवासरत या कार्यरत होना अनिवार्य है। इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं अपना आवेदन 01 अक्टूबर 2026 तक संयुक्त संचालक, समाज कल्याण विभाग, पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग, कमरा नंबर-04 में जमा कर सकते है।
पटेल/261/1987
--00--
सेवा संकल्प अभियान में जल संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश
दवनपुर में ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों ने ली जल संरक्षण की सामूहिक शपथ
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा विकासखंड कोटा के ग्राम दवनपुर में ‘जल संरक्षण एवं जनभागीदारी’ पर केन्द्रित ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
जल संसाधन संभाग कोटा के अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कुमार राठौर ने जल संरक्षण, जनभागीदारी तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पीएचई विभाग के उप अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन सहित पेयजल से जुड़ी योजनाओं एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि श्री मोहित जायसवाल ने कहा कि जल का संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान में जल की बचत आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की बुनियाद है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल के संचयन और पानी के सदुपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सिंचाई से वंचित क्षेत्रों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जनजागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने और जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
पटेल/262/1988
--00--
बिलासा एयरपोर्ट में लेखापाल पद के लिए पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी
दावा-आपत्ति 11 अक्टूबर तक आमंत्रित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, चकरभाठा में लेखापाल के पद पर संविदा नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा सूची को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर अपनी दावा-आपत्ति 11 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पटेल/263/1989
--00--
समाचार
बाल विवाह रोकथाम और बाल संरक्षण में पंचायतों की अहम भूमिका : कलेक्टर
लैंगिक समानता, बाल संरक्षण एवं किशोर सशक्तिकरण पर जिला स्तरीय कार्यशाला
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ-एग्रीकोन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सरपंच, पंचायत सचिव एवं युवोदय के युवा वालंटियर्स ने भाग लिया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा में पंचायतों के साथ युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गांवों में सक्रिय युवा वालंटियर्स तैयार कर उन्हें सामुदायिक कल्याण एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त एवं नशा मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। एसएसपी श्री रजनीश सिंह ने नशा मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं के सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने बाल मित्र ग्राम पंचायत की अवधारणा समझाते हुए बच्चों के लिए संवेदनशील एवं सुरक्षित वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के श्री सत्यनारायण राठौर, यूआरसीसी श्री वासुदेव पांडेय, चाइल्डलाइन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री रीमा तथा यूनिसेफ स्टेट टीम के एसबीसीसी विशेषज्ञ श्री अभिषेक सिंह ने बाल संरक्षण, लैंगिक समानता, रेफरल सेवाओं एवं सामुदायिक सहभागिता पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का समन्वय यूनिसेफ-एग्रीकोन के जिला समन्वयक श्री चेतन यादव एवं टीम ने किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने सुरक्षित बचपन, समान अवसर और सशक्त किशोर-किशोरियों के लिए ग्राम स्तर पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
पटेल/264/1990
--00--
सेवा सेतु अभियान के तहत भकुर्रा नवापारा में जिला स्तरीय शिविर 1 अक्टूबर को
ग्रामीणों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनेंगे आयुष्मान कार्ड
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’ के तहत 1 अक्टूबर को जनपद पंचायत तखतपुर के ग्राम भकुर्रा नवापारा में सवेरे 10 बजे से जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर ग्राम के प्राथमिक शाला प्रांगण में आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के निराकरण की पहल भी की जाएगी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अन्य विभागों द्वारा भी अपनी विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शिविर से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक सहज रूप से पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित करना है।
पटेल/265/1991
--00--
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व आज वरिष्ठ नागरिकों के लिए बृहस्पति बाजार स्थित अनुभव भवन में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बकेट बॉल और पासिंग बॉल जैसे खेलों में वरिष्ठजनों ने बड़े उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पश्चात प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता वरिष्ठजनों को समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री टी.पी. भावे एवं सहायक संचालक श्री सुमित केशरवानी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ज्येष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष श्री अरविन्द दीक्षित और भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के जिला अध्यक्ष श्री राकेश जैन, श्रीमती सत्यभामा अवस्थी, श्री बालकृष्ण अग्रवाल, श्री प्रशांत मोकासे, श्री संजय खुराना, वंमशी कृष्णा सिलारपू, उपेन्द्र सिंह, बसंत श्रीवास, रमाशंकर शुक्ला, रंजीत सिंह एवं अन्य वरिष्ठजनों के संगठनों के पदाधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।
पटेल/266/1992
सेवा संकल्प अभियान में जल संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा विकासखंड कोटा के ग्राम दवनपुर में ‘जल संरक्षण एवं जनभागीदारी’ पर केन्द्रित ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
जल संसाधन संभाग कोटा के अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कुमार राठौर ने जल संरक्षण, जनभागीदारी तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पीएचई विभाग के उप अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन सहित पेयजल से जुड़ी योजनाओं एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि मोहित जायसवाल ने कहा कि जल का संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान में जल की बचत आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की बुनियाद है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल के संचयन और पानी के सदुपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सिंचाई से वंचित क्षेत्रों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जनजागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने और जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
सेवा सेतु से अक्षय कुमार को घर के नजदीक मिली शासकीय सेवा
बिलासपुर । शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ अब आम नागरिकों को घर के नजदीक और सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है। विभिन्न शासकीय सेवाओं को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं का लाभ कम समय में मिल रहा है।
विकासखण्ड तखतपुर के ग्राम भाड़म निवासी अक्षय कुमार सोनवानी को भी सेवा सेतु के माध्यम से त्वरित सेवा का लाभ मिला। आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्होंने सेवा सेतु केंद्र गनियारी में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज कुछ ही दिनों में उनका आय प्रमाण पत्र तैयार हो गया। पहले आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और प्रक्रिया पूरी होने में अधिक समय लगने की चिंता रहती थी। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन करने पर अक्षय कुमार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कम समय में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनका समय और श्रम दोनों बचा तथा शासकीय सेवा प्राप्त करना उनके लिए आसान हुआ।
अक्षय कुमार सोनवानी ने समय पर आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए शासन की डिजिटल सेवा व्यवस्था के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन करना उनके लिए सुविधाजनक रहा और कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें काफी राहत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की डिजिटल सेवाओं से हर वर्ग के नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
बिलासा एयरपोर्ट में लेखापाल पद के लिए पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी
बिलासपुर । बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, चकरभाठा में लेखापाल के पद पर संविदा नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा सूची को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर अपनी दावा-आपत्ति 11 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।