छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

11 जून को होगी बीएड एवं बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा जिले में 2 हजार 160 परीक्षार्थी होंगे शामिल

राधेश्याम सोनवानी

 गरियाबंद, 09 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा गुरुवार, 11 जून 2026 को बी.एड. एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 2 हजार 160 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिनके लिए 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर श्री बीएस उइके ने डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेड़िया को नोडल अधिकारी तथा भू-अभिलेख के सहायक अधीक्षक  चैतराम कोडप्पा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है तथा जिला स्तरीय तीन सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन भी किया गया है। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र इंटरनेट से डाउनलोड कर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस की मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने को कहा गया है। मूल पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 1ः15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा। जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का एक दिन पूर्व अवलोकन करने, हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनने तथा फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून एवं चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, पाउच एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल काले अथवा नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन के साथ परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image